तमिलनाडु सचिवालय पहुंचे मुख्यमंत्री विजय, गार्ड ऑफ ऑनर से किया गया स्वागत
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने के बाद सी. जोसेफ विजय पहली बार सचिवालय पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. चेन्नई में हुए इस औपचारिक स्वागत के साथ नई टीवीके सरकार ने प्रशासनिक कामकाज की शुरुआत कर दी है.

चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने पदभार संभालने के बाद रविवार को तमिलनाडु सचिवालय पहुंचकर आधिकारिक जिम्मेदारियां संभालनी शुरू कर दीं. चेन्नई स्थित सचिवालय में उनके पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.
मुख्यमंत्री बनने के बाद सचिवालय में विजय का यह पहला औपचारिक दौरा रहा. इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में उन्हें सम्मानित सलामी दी गई.
कैसे हुआ औपचारिक स्वागत?
चेन्नई के तमिलनाडु सचिवालय में मुख्यमंत्री विजय के आगमन पर विशेष प्रोटोकॉल के तहत गार्ड ऑफ ऑनर आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला आधिकारिक कार्यक्रमों में से एक माना जा रहा है. विजय ने शपथ ग्रहण के बाद सीधे प्रशासनिक कामकाज की ओर कदम बढ़ाते हुए सचिवालय पहुंचकर सरकारी कार्यों की शुरुआत की.
#WATCH | Chennai: Chief Minister of Tamil Nadu and TVK Chief C Joseph Vijay receives Guard of Honour at the Tamil Nadu Secretariat. pic.twitter.com/jscQHlUl6K
— ANI (@ANI) May 10, 2026
नई सरकार के कामकाज पर टिकी नजरें
तमिलगा वेत्री कझगम की सरकार बनने के बाद अब सभी की नजरें नई सरकार की कार्यशैली और फैसलों पर टिकी हैं. विजय पहले ही कई अहम चुनावी वादों को लागू करने की दिशा में कदम बढ़ा चुके हैं. मुख्यमंत्री के रूप में सचिवालय पहुंचने और गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त करने को नई सरकार की औपचारिक प्रशासनिक शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है.


