Tamil Nadu Exit Poll: विजय की पार्टी ने ली धमाकेदार एंट्री, लेकिन सत्ता किसकी? एग्जिट पोल का चौंकाने वाला अनुमान
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर मैट्रिक्स एग्जिट पोल ने नतीजों का अनुमान लगाते हुए द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) के नेतृत्व वाले गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने का पूर्वानुमान जताया है.

Tamil Nadu Exit Poll Result: मैट्रिक्स एग्जिट पोल ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों का अनुमान लगाते हुए द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) के नेतृत्व वाले गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने का पूर्वानुमान जताया है. एग्जिट पोल के मुताबिक सत्तारूढ़ गठबंधन आराम से सरकार बनाने जा रहा है.
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है. मैट्रिक्स के अनुसार डीएमके+ गठबंधन को 122 से 132 सीटें मिलने की संभावना है, जो बहुमत से काफी ऊपर है.
मुख्य प्रतिद्वंद्वी का प्रदर्शन
AIADMK के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को 87 से 100 सीटों के बीच रहने का अनुमान है. इस गठबंधन में भाजपा, पीएमके, एएमएमके और कई छोटी पार्टियां शामिल हैं. हालांकि एनडीए पिछले चुनाव की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है, लेकिन सत्ता हासिल करने के लिए यह पर्याप्त नहीं दिख रहा है.
नई पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) की अगुवाई कर रहे अभिनेता विजय की पार्टी 10 से 12 सीटें जीतकर अच्छी शुरुआत कर सकती है. अन्य छोटे दलों को 0 से 6 सीटें मिलने का अनुमान है.
वोट शेयर का अनुमान
एग्जिट पोल के अनुसार वोट शेयर इस प्रकार रह सकता है:
DMK+ गठबंधन: 40.3%
AIADMK+ (एनडीए): 37.1%
TVK: 17.5%
अन्य: 5.1%
डीएमके गठबंधन में कांग्रेस, वीसीके, सीपीआई, सीपीएम, आईयूएमएल, एमडीएमके और डीएमडीके जैसी पार्टियां शामिल हैं.
रिकॉर्डतोड़ मतदान
इस चुनाव में तमिलनाडु में 85.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो स्वतंत्रता के बाद का सबसे ऊंचा आंकड़ा है. मतदान 23 अप्रैल को एक चरण में पूरा हुआ. चेन्नई जिले में मतदान प्रतिशत 83.68 रहा. सबसे ज्यादा मतदान पेरम्बूर विधानसभा क्षेत्र में 89.74 प्रतिशत दर्ज किया गया. वोटों की गिनती 4 मई को होगी और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे.
2021 चुनाव से तुलना
2021 के चुनाव में डीएमके ने अकेले 133 सीटें जीती थी. कांग्रेस ने 18 और वीसीके ने 4 सीटें हासिल की थी. उस समय एआईएडीएमके की सीटें 66 रह गई थी. इस बार भी डीएमके गठबंधन की मजबूत स्थिति बनी हुई दिख रही है. एग्जिट पोल के ये अनुमान अंतिम नतीजों से पहले की तस्वीर पेश करते हैं. असली फैसला 4 मई को मतगणना के बाद ही सामने आएगा.


