थलापति विजय को मिली सरकार बनाने की मंजूरी, कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
शनिवार को विजय TVK के वरिष्ठ नेताओं के साथ राजभवन पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल को 120 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे। इसके बाद सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया।

चेन्नई: एक्टर से नेता बने विजय के लिए शनिवार (09 मई 2026) का दिन ऐतिहासिक रहा। तमिलनाडु के राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने की मंजूरी दे दी। उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) ने 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए जरूरी समर्थन जुटा लिया है। विजय रविवार (10 मई 2026) शाम मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
120 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा
आपको बताते चलें कि शनिवार को विजय TVK के वरिष्ठ नेताओं के साथ राजभवन पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल को 120 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे। इसके बाद सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया। VCK, CPI, CPI(M) और कांग्रेस ने गठबंधन सरकार के लिए TVK को "बिना शर्त समर्थन" देने का ऐलान किया। इन दलों के साथ आने से ही TVK बहुमत का आंकड़ा पार कर पाई।
59 साल बाद गैर-द्रविड़ मुख्यमंत्री
एक्टर विजय 59 साल बाद तमिलनाडु के पहले गैर-द्रविड़ मुख्यमंत्री बनेंगे। हालांकि कैबिनेट में कितने मंत्री होंगे, इसे लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है। VCK उपमुख्यमंत्री जैसे बड़े पद की मांग कर रही है, पर किसी दल ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यह राज्यपाल के साथ विजय की एक हफ्ते में चौथी बैठक थी। पहले दो प्रयासों में समर्थन पत्र कम पड़ने की वजह से बात नहीं बनी थी।
DMK के सहयोगी दलों ने बदला पाला
कई दिनों की सियासी खींचतान के बाद तमिलनाडु में अनिश्चितता खत्म हुई। DMK के सहयोगी दलों ने आखिरकार विजय का साथ दिया। इसी के दम पर TVK 234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत तक पहुंची। हालांकि गठबंधन के पास 120 विधायकों का मामूली बहुमत ही है। खबर मिलते ही TVK कार्यकर्ताओं ने चेन्नई स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर पटाखे फोड़कर जश्न मनाया।
पहले चुनाव में बनी सबसे बड़ी पार्टी
गौरतलब है कि TVK अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। फिर भी बहुमत से 10 सीट दूर थी। 23 अप्रैल को हुए चुनाव के नतीजे 4 मई को आए थे। इसके बाद पार्टी ने कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML से संपर्क किया। ये सभी दल पहले DMK के साथ थे।
अभिनेता विजय ने दो विधानसभा सीटों से जीत दर्ज की है। नियमों के मुताबिक उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। इससे TVK की सीटें 107 रह जाएंगी। कांग्रेस के 5, CPI, CPI(M), VCK और IUML के 2-2 विधायक मिलाकर गठबंधन की ताकत 120 हो जाती है।


