बंगाल चुनाव में सियासी संग्राम तेज: ममता बनर्जी का बीजेपी पर हमला, कहा- पूरा केंद्रीय मंत्रिमंडल भी नहीं जिता पाएगा चुनाव

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण से पहले सियासत गरमा गई है. ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पूरा केंद्रीय मंत्रिमंडल और कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मिलकर बंगाल में भाजपा को जीत नहीं दिला पाएंगे.

calender

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण से पहले सियासी तापमान चरम पर पहुंच गया है. भाजपा, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है. इसी बीच टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है.

ममता बनर्जी ने दावा किया है कि भाजपा ने बंगाल चुनाव जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लगभग पूरा मंत्रिमंडल और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री राज्य में डेरा डाले हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद भाजपा को जीत नहीं मिलेगी.

'पूरी ताकत झोंक दी, फिर भी नहीं मिलेगी जीत'

हुगली के उत्तरपाड़ा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने भाजपा के चुनाव प्रचार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, "भाजपा हताश है, पश्चिम बंगाल में 50 हेलीकॉप्टर भेजे गए हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री से लेकर गृह मंत्री, रेल मंत्री और रक्षा मंत्री तक लगभग पूरा केंद्रीय मंत्रिमंडल, साथ ही एनडीए शासित 19 राज्यों के मुख्यमंत्री, एक ही राज्य पश्चिम बंगाल में डेरा डाले हुए हैं. दूसरी तरफ टीएमसी के चुनावी प्रचार को देखिए पूरे राज्य में हमारे पास केवल तीन हेलीकॉप्टर हैं. भाजपा चाहें कितना ही शोर-शराबा कर ले, यह सारा शोर शराबा 4 मई को फीका पड़ जाएगा."

केंद्रीय बलों की तैनाती पर भी उठाए सवाल

ममता बनर्जी ने राज्य में तैनात केंद्रीय सुरक्षा बलों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जहां भी वह जा रही हैं, वहां केंद्रीय बलों की मौजूदगी दिखाई दे रही है.

उन्होंने आरोप लगाया, "वह (भाजपा) बख्तरबंद वाहन ला रहे हैं. पूरे बंगाल में उनका उपयोग हो रहा है. यह उन जगहों पर नहीं जा रहे हैं, जहां पर इनकी आवश्यकता है."

अमित शाह के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया

ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी. ‘टीएमसी के गुंड़े’ वाले बयान को लेकर उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार पद पर बैठे नेता को इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.

उन्होंने कहा, "एक केंद्रीय मंत्री और एक जिम्मेदार नेता के रूप में, आप ऐसे शब्द नहीं बोल सकते. आप आतंक की भाषा बोल रहे हैं. मुझे पता है कि आपके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी. लेकिन, मैंने अपने लोगों को उनके भाषण की वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे अदालत में जमा करने को कहा है."

सियासी बयानबाजी तेज

गौरतलब है कि चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि चुनाव परिणाम आने के बाद टीएमसी के गुंड़ों को उल्टा लटका दिया जाएगा. इस बयान के बाद राज्य की राजनीति और गरमा गई है. First Updated : Sunday, 26 April 2026