कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दमदम में एक जोरदार चुनावी सभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने TMC पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि टीएमसी का दीया बुझने से पहले थोड़ा फड़फड़ा रहा है.
पश्चिम बंगाल में 152 सीटों पर पहले चरण का मतदान गुरुवार को हुआ. इसमें रिकॉर्ड 92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. इस भारी मतदान को देखते हुए भाजपा ने बंगाल में जीत की हुंकार भर दी है.
पीएम मोदी ने कहा कि लंबे समय से बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही थी. कल के मतदान ने उस पर मुहर लगा दी है. उन्होंने कहा कि जिस बंगाल में टीएमसी ने लोकतंत्र को कुचल दिया था, वहां जनता ने पहले चरण में लोकतंत्र का पुनर्निर्माण कर दिया है. अब दूसरे चरण में इस लोकतंत्र पर विजय का झंडा फहराना है.
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “हर बुझता हुआ दीपक बुझने से पहले थोड़ा फड़फड़ाता है. ठीक उसी तरह टीएमसी का दीया भी बुझने से पहले थोड़ा फड़फड़ा रहा है. कल रात टीएमसी अपने गुंडों को सक्रिय कर रही थी, लेकिन बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है.”
पीएम मोदी ने दावा किया कि पहले चरण के मतदान ने टीएमसी के महाजंगलराज के अंत का संकेत दे दिया है. 4 मई को नतीजे आने के बाद टीएमसी के गुंडों को बंगाल में छुपने की जगह नहीं मिलेगी.
प्रधानमंत्री ने बंगाल की महिलाओं का विशेष तौर पर जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बंगाल की नारीशक्ति अब टीएमसी की तानाशाही सहने को तैयार नहीं है. हर महिला कह रही है कि अब नहीं सहेंगे. मोदी ने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद बेटियों पर कोई अत्याचार नहीं होगा और हर अन्याय की फाइल खुलेगी.
पीएम मोदी ने पीएम आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर हर गरीब को 1.5 लाख रुपये तक की मदद मिलेगी और घर महिलाओं के नाम पर बनेगा. उन्होंने मुफ्त राशन, सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि का वादा किया. साथ ही मध्यम वर्ग को टैक्स में दी गई छूट का भी उल्लेख किया.
पीएम ने बंगाल की जनता से अपील की कि एक वोट से नई क्रांति की शुरुआत करें. उन्होंने कहा कि यह बंगाल को भय, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और घुसपैठ से मुक्ति दिलाने का समय है. First Updated : Friday, 24 April 2026