पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान मुर्शिदाबाद से झड़प की खबर सामने आई है. यहां तृणमूल कांग्रेस और आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर के बीच तीखी बहस हुई. घटना का वीडियो भी सामने आया है. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात हैं. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवान लगातार गश्त कर रहे हैं. एक तरफ हुमायूं कबीर थे तो दूसरी ओर लोगों की भीड़. दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, लेकिन बाद में स्थिति को संभाल लिया गया.
मुर्शिदाबाद के ASP माजिद खान ने बताया कि हालात अब शांतिपूर्ण हैं. उन्होंने कहा, कहीं भी कुछ नहीं हुआ है. जानकारी के मुताबिक, हुमायूं कबीर उस इलाके का दौरा कर रहे थे जहां एक दिन पहले कच्चा बम फेंके जाने की घटना हुई थी. इसी दौरान TMC समर्थकों के साथ उनकी झड़प हो गई.
AUJP संस्थापक हुमायूं कबीर ने कहा, नओडा, रेजीनगर और मुर्शिदाबाद की सभी 22 सीटों पर शांतिपूर्ण चुनाव हो रहे हैं. हालांकि, नओडा के बूथ नंबर 9 और 10 पर रात में कुछ गड़बड़ी हुई. स्थानीय पुलिस का बैग छीन लिया गया."
कच्चे बम की घटना पर हुमायूं कबीर ने कहा, कोशिश की गई लेकिन कुछ हुआ नहीं. शांति से चुनाव में भाग लेना चाहिए. हमारा किसी को मारने का या धमकाने का मकसद नहीं है.
मुर्शिदाबाद के डोमकल में मतदाताओं के एक बड़े वर्ग का आरोप है कि TMC उन्हें धमका रही है. लोगों का कहना है कि वोट डालने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति पर हमला करने की चेतावनी दी जा रही है.
बंगाल में सुबह 9 बजे तक 18.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. पश्चिम मेदिनापुर में 20.5%, बांकुरा में 20.2% और झारग्राम में 19.8% वोटिंग हुई है. First Updated : Thursday, 23 April 2026