Budget 2025: आम बजट पेश होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं. एक फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश का आम बजट पेश करेंगी. इस बजट से टैक्सपेयर्स को भी काफी उम्मीदें हैं. करदाता लंबे समय से टैक्स फ्री इनकम बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. जिस तरह से महंगाई बढ़ती जा रही है, उस तरह से टैक्स फ्री इनकम का दायरा नहीं बढ़ाया गया है. इस समय आपकी 7.75 लाख रुपये तक की इनकम पूरी तरह से टैक्स फ्री है. लोगों की मांग है कि बजट में टैक्स फ्री इनकम को बढ़ाकर 10 लाख रुपये किया जाए. बता दें कि 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी.
एक रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी सूत्रों ने आगामी केंद्रीय बजट 2025-2026 में टैक्स रिजीम में बड़े बदलावों का संकेत दिए हैं, जैसे 10 लाख रुपये तक की सालाना इनकम को टैक्स-फ्री करना और 15 लाख से 20 लाख रुपये तक की इनकम के लिए एक नया 25% टैक्स स्लैब पेश करना. माना जा रहा है कि कंजंप्शन बढ़ाने के लिए सरकार इनकम टैक्स में कमी कर सकती है.
दो विकल्पों पर सरकार कर रही है विचार
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सरकार 20 लाख रुपये तक कमाने वालों को टैक्स में राहत दे सकती है. इसके लिए 2 विकल्पों पर विचार हो रहा है. पहला यह कि 10 लाख रुपये तक की इनकम को टैक्स फ्री किया जाए. दूसरा विकल्प 15 से 20 लाख रुपये इनकम वालों के लिए 25% का नया टैक्स स्लैब लाना है. यह छूट न्यू टैक्स रिजीम चुनने वालों को ही मिलेगी. इस समय 75 हजार रुपये के स्टैंडर्ड डिडक्शन के साथ 7.75 लाख रुपये तक की इनकन पर कोई टैक्स नहीं देना होता है. इसके अलावा 15 लाख रुपये से अधिक की इनकम पर 30% टैक्स लगता है.
सरकार को होगा 1 लाख करोड़ तक का नुकसान
सरकार इनकम टैक्स में राहत देने के लिए 50,000 करोड़ रुपये से 1 लाख करोड़ रुपये तक का रेवेन्यू में जो घाटा होगा उसे उठाने के लिए तैयार है. टैक्स में राहत देने से कंजंप्शन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. मोदी सरकार ने साल 2023 के बजट में भी टैक्सपेयर्स को इनकम टैक्स में राहत दी थी. उस समय न्यू टैक्स रिजीम चुनने वालों के लिए धारा 87ए में कर छूट बढ़ाकर 7 लाख रुपये तक की गई थी. First Updated : Saturday, 25 January 2025