श्रीनगर रूट पर बढ़े हवाई किराए पर केंद्र का सख्त रुख, दिल्ली के लिए किराए में कटौती

पहलगाम आतंकी हमले के बाद नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने बताया कि श्रीनगर जाने वाली उड़ानों के किराए पर लगातार नजर रखी जा रही है और इन्हें सामान्य दायरे में बनाए रखा गया है. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पर्यटकों की बढ़ती जरूरत को देखते हुए बुधवार को तीन अतिरिक्त फ्लाइट्स श्रीनगर से संचालित की जाएंगी.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद श्रीनगर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई, जिससे फ्लाइट टिकट के दाम आसमान छूने लगे. इसी को देखते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हस्तक्षेप करते हुए एयरलाइनों को निर्देश दिया है कि वे किरायों को नियंत्रित रखें और यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त उड़ानें शुरू करें.

पर्यटकों में भारी नाराज़गी 

हमले के बाद, श्रीनगर से दिल्ली के लिए एकतरफा फ्लाइट का किराया 65,000 रुपये तक पहुंच गया था, जिससे पर्यटकों में भारी नाराज़गी देखी गई. कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर टिकट के स्क्रीनशॉट साझा कर अपनी चिंता जताई. राजमार्गों के अवरुद्ध होने और हवाईअड्डे पर बढ़ती भीड़ ने हालात और गंभीर बना दिए.

मंत्रालय के दखल के बाद किराया घटा

मंत्रालय के दखल के बाद किराया घटकर लगभग 14,000 रुपये रह गया है. साथ ही एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो ने इस रूट पर दो उड़ानें संचालित कीं. नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने बताया कि बुधवार को श्रीनगर हवाई अड्डे से सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक 20 फ्लाइट्स में 3,337 यात्रियों ने सफर किया.

दिल्ली के लिए तीन और अतिरिक्त फ्लाइट्स की घोषणा

यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए दिल्ली के लिए तीन और अतिरिक्त फ्लाइट्स की घोषणा की गई है, जिनमें इंडिगो और स्पाइसजेट की उड़ानें शामिल हैं. मंत्री ने बताया कि यात्रियों की मदद के लिए सभी एयरलाइनों ने टिकट रद्द करने और पुनर्निर्धारण पर शुल्क माफ कर दिया है.

डीजीसीए ने भी एयरलाइनों को निर्देश दिया है कि वे किराया सीमा में रखें और उड़ानों की संख्या बढ़ाएं ताकि श्रीनगर में फंसे पर्यटकों को जल्द से जल्द राहत मिल सके. सरकार ने आश्वासन दिया है कि यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag