गैस सिलेंडर से UPI तक... 1 मार्च से बदलेंगे कई बड़े नियम, आपकी जेब पर पड़ेगा असर

1 मार्च 2026 से एलपीजी कीमत, रेलवे टिकट बुकिंग, सिम बाइंडिंग, UPI ट्रांजैक्शन, मिनिमम बैलेंस और CNG-PNG दरों से जुड़े कई नियम बदल सकते हैं. इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों के मासिक खर्च और डिजिटल लेनदेन पर पड़ेगा.

Shraddha Mishra

मार्च 2026 की शुरुआत के साथ ही आपकी जेब पर असर डालने वाले कई नए नियम लागू होने जा रहे हैं. हर महीने की तरह इस बार भी रसोई गैस, रेलवे टिकट, डिजिटल पेमेंट और बैंकिंग से जुड़े बदलाव सामने आ रहे हैं. इन फैसलों का सीधा प्रभाव आम लोगों के रोजमर्रा के खर्च पर पड़ेगा. ऐसे में जरूरी है कि आप पहले से जान लें कि अगले महीने से क्या-क्या बदलने वाला है.

एलपीजी गैस की कीमतों में संभावित बदलाव

हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर के दामों की समीक्षा की जाती है. पिछले कुछ महीनों से घरेलू गैस की कीमतें स्थिर हैं, लेकिन 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में उतार-चढ़ाव देखा गया है. पिछले महीने इसकी कीमत में करीब 49 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी. मार्च में भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है. हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल कोई बड़ी राहत या बढ़ोतरी की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

रेलवे टिकट बुकिंग में नया बदलाव

1 मार्च 2026 से भारतीय रेलवे की टिकट व्यवस्था में बदलाव हो सकता है. पुराना UTS ऐप बंद किया जा सकता है और उसकी जगह नया RailOne ऐप पूरी तरह से सक्रिय होगा. इस नए ऐप के जरिए यात्री जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और लोकल यात्रा से जुड़े टिकट आसानी से बुक कर सकेंगे. रेलवे का उद्देश्य टिकट बुकिंग को अधिक सरल और डिजिटल बनाना है, ताकि यात्रियों को लंबी कतारों में न लगना पड़े.

सिम बाइंडिंग का नया नियम

डिजिटल धोखाधड़ी को रोकने के लिए सरकार सिम बाइंडिंग का नया नियम लागू करने की तैयारी में है. इस नियम के तहत WhatsApp, Telegram और Signal जैसे मैसेजिंग ऐप सीधे आपके मोबाइल सिम से जुड़े रहेंगे. अगर फोन से सिम हटा दिया जाता है, तो ये ऐप काम करना बंद कर देंगे. यहां तक कि वाई-फाई के जरिए भी बिना सिम के इनका उपयोग संभव नहीं होगा. इसका उद्देश्य फर्जी खातों और ऑनलाइन फ्रॉड को कम करना है.

UPI पेमेंट में अतिरिक्त सुरक्षा

डिजिटल भुगतान को और सुरक्षित बनाने के लिए 1 मार्च से बड़े ट्रांजैक्शन के नियमों में बदलाव किया जा सकता है. अब केवल UPI PIN से ही बड़ी रकम ट्रांसफर नहीं हो पाएगी. बैंक हाई-वैल्यू लेनदेन के लिए अतिरिक्त सुरक्षा जैसे बायोमेट्रिक या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन को अनिवार्य कर सकते हैं. इससे ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में कमी आने की उम्मीद है.

बैंक खातों में मिनिमम बैलेंस का नियम

देश के बड़े सरकारी बैंक न्यूनतम बैलेंस के नियम में बदलाव करने की तैयारी में हैं. पहले अगर किसी दिन खाते में तय सीमा से कम राशि रहती थी, तो पेनल्टी लग जाती थी. अब यह जुर्माना औसत मासिक बैलेंस के आधार पर तय किया जाएगा. इससे ग्राहकों को थोड़ी राहत मिल सकती है, क्योंकि एक दिन की कमी पर तुरंत पेनल्टी नहीं लगेगी.

CNG, PNG और ATF की कीमतें

हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां CNG, PNG और एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों की समीक्षा करती हैं. मार्च में भी इनकी दरों में बदलाव संभव है. इन ईंधनों की कीमतें बढ़ने या घटने से परिवहन और हवाई यात्रा के खर्च पर असर पड़ सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag