भारत में बेरोजगारी घटी या बढ़ी? आ गया ताजा आंकड़ा, शहरों में मचा हड़कंप!

देश की बेरोजगारी दर में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई है. इस साल मार्च 2026 का ताजा रिपोर्ट सामने आ गया है. 15 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों में बेरोजगारी दर फरवरी के 4.9 प्रतिशत से बढ़कर मार्च में 5.1 प्रतिशत हो गई.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: इस साल मार्च 2026 में देश की बेरोजगारी दर में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई है. 15 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों में बेरोजगारी दर फरवरी के 4.9 प्रतिशत से बढ़कर मार्च में 5.1 प्रतिशत हो गई. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से शहरों में हुई है.

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) द्वारा जारी Periodic Labour Force Survey (PLFS) के ताजा मासिक आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है. यह सर्वे रोजगार और बेरोजगारी की स्थिति को समझने का प्रमुख स्रोत माना जाता है.

शहरों में बेरोजगारी दर 6.8 प्रतिशत पहुंची

शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी की स्थिति थोड़ी चिंताजनक रही. मार्च 2026 में शहरों की बेरोजगारी दर बढ़कर 6.8 प्रतिशत हो गई, जबकि फरवरी में यह 6.6 प्रतिशत थी. ग्रामीण इलाकों में महिलाओं की बेरोजगारी दर लगभग स्थिर रही. वहीं, ग्रामीण पुरुषों में बेरोजगारी दर फरवरी की तुलना में मार्च में थोड़ी बढ़ी. कुल मिलाकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति ज्यादा नहीं बिगड़ी.

श्रम बल भागीदारी दर में मामूली कमी

मार्च 2026 में 15 साल और उससे ज्यादा उम्र के लोगों की श्रम बल भागीदारी दर (LFPR) घटकर 55.4 प्रतिशत रह गई, जो फरवरी में 55.9 प्रतिशत थी. ग्रामीण क्षेत्रों में यह दर 58 प्रतिशत रही, जबकि फरवरी में 58.7 प्रतिशत थी. शहरी क्षेत्रों में श्रम बल भागीदारी दर लगभग स्थिर बनी रही.

महिलाओं की श्रम बल भागीदारी दर मार्च में 34.4 प्रतिशत रही, जो फरवरी के 35.3 प्रतिशत से कम है. ग्रामीण महिलाओं में यह दर 38.9 प्रतिशत और शहरी महिलाओं में 25.2 प्रतिशत दर्ज की गई.

श्रमिक जनसंख्या अनुपात में स्थिरता

आंकड़ों के अनुसार, मार्च में समग्र श्रमिक जनसंख्या अनुपात (WPR) 52.6 प्रतिशत रहा. शहरी क्षेत्रों में यह 46.8 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में 55.5 प्रतिशत रहा. शहरी क्षेत्रों में WPR में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह फरवरी की तुलना में थोड़ा कम हुआ.

ये आंकड़े कुल 3,75,262 लोगों के सर्वे पर आधारित हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि शहरों में बेरोजगारी में हुई यह छोटी बढ़ोतरी युवाओं और शिक्षित वर्ग को प्रभावित कर रही है. सरकार इन आंकड़ों पर नजर रखे हुए है और रोजगार बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो