दिल्ली से देहरादून मात्र 2.5 घंटे में पहुंचे! PM मोदी ने 12,000 करोड़ की मेगा एक्सप्रेसवे का किया उद्घाटन, यहां देखें सभी जानकारी
आज पीएम मोदी ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन कर दिया है. यह एक्सप्रेसवे दिल्ली से देहरादून के बीच यात्रा को तेज और आसान बनाएगी, वो भी मात्र ढाई घंटे में.

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन कर दिया है. यह छह लेन वाली आधुनिक एक्सप्रेसवे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा को तेज और आसान बना देगी. पहले यह सफर छह घंटे से ज्यादा का होता था, अब सिर्फ ढाई घंटे में पूरा हो जाएगा. आइए जानते हैं कब और कैसे इस एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर सकते हैं.
एक्सप्रेसवे की लंबाई और लागत
यह एक्सप्रेसवे कुल 213 किलोमीटर लंबी है. इसे नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने बनाया है. इस परियोजना पर 12,000 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च आए है. यह दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से होकर गुजरती है.
यात्रा समय में बड़ी कमी
पुरानी सड़क से दिल्ली से देहरादून की दूरी करीब 235 किलोमीटर थी और इसमें 6 घंटे से ज्यादा समय लगता था. नई एक्सप्रेसवे से दूरी घटकर 212 किलोमीटर रह गई है और यात्रा समय सिर्फ 2.5 घंटे का हो गया है. इससे पर्यटन, व्यापार और रोजाना आवाजाही को बड़ा फायदा होगा.
एक्सप्रेसवे अक्षरधाम से शुरू होगी
एक्सप्रेसवे अक्षरधाम मंदिर के पास दिल्ली से शुरू होती है. यह बागपत, बड़ौत, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर होते हुए देहरादून पहुंचती है. प्रमुख एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स में लोनी, खेकड़ा, सहारनपुर, गणेशपुर और आशारोड़ी शामिल हैं.
वन्यजीवों के लिए खास इंतजाम
एक्सप्रेसवे का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा राजाजी नेशनल पार्क से गुजरता है. यहां जानवरों की सुरक्षित आवाजाही के लिए 12 किलोमीटर लंबा ऊंचा वन्यजीव कॉरिडोर बनाया गया है. यह एशिया के सबसे लंबे ऐसे कॉरिडोर में से एक है.
इसमें चौड़े पिलर, छह मीटर की ऊंचाई, अंडरपास, साउंड बैरियर और रात में कम रोशनी का इंतजाम है ताकि हाथी, हिरण और अन्य जानवर बिना खतरे के पार कर सकें.
टोल और अन्य जानकारी
कार के लिए एक तरफ का टोल करीब 670-675 रुपये होने की उम्मीद है. 24 घंटे के अंदर राउंड ट्रिप पर करीब 1000 रुपये लग सकते हैं. फास्टैग अनिवार्य होगा. शुरुआती दिल्ली हिस्से में कुछ जगह टोल फ्री हो सकता है.
पीएम मोदी ने उद्घाटन से पहले वन्यजीव कॉरिडोर का जायजा लिया और देहरादून के पास मां दात काली मंदिर में पूजा भी की. यह परियोजना न सिर्फ तेज यात्रा देगी बल्कि क्षेत्र के विकास को नई गति भी प्रदान करेगी.


