Video : ग्रेटर नोएडा में घर के बाहर ठायं-ठायं....3 युवकों ने एक शख्स को मारी गोली, CCTV में कैद हुई घटना

ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव में पुरानी रंजिश के चलते नितिन नामक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें अपराधी बेखौफ नजर आ रहे हैं.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

उत्तर प्रदेश : ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह गोलियों की गड़बड़ाहट से दहल उठी. पुरानी दुश्मनी की आग ने एक और हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं. लुक्सर गांव के रहने वाले 25 वर्षीय नितिन पर उसके विरोधियों ने घात लगाकर तब हमला किया जब वह अपने घर के पास ही था. हमलावरों ने न केवल उसे बेरहमी से पीटा, बल्कि ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे मौत की नींद सुला दिया. इस हत्याकांड ने स्थानीय पुलिसिंग पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा CCTV फुटेज 

आपको बता दें कि इस जघन्य हत्याकांड का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तीन युवक हाथों में हथियार लहराते हुए आते हैं. उन्होंने पहले नितिन को सड़क पर गिराया और लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की. इसके बाद हमलावरों ने निर्दयता की सारी हदें पार करते हुए उस पर गोलियां बरसा दीं. सरेराह हुई इस फायरिंग से गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया और लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे.

हमलावरों के सामने हाथ जोड़ती रही महिला 

जब अपराधी नितिन को निशाना बना रहे थे, तब एक बहादुर महिला उसे बचाने के लिए आगे आई. वह बार-बार हमलावरों के सामने हाथ जोड़ती रही और शोर मचाती रही. लेकिन कानून के रखवालों का खौफ इन बदमाशों में जरा भी नहीं था. उन्होंने महिला पर हथियार तान दिए और उसे जान से मारने की धमकी देकर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया. महिला के सामने ही बेखौफ अपराधी युवक को मौत के घाट उतारकर मौके से फरार हो गए.

कुछ दिन पहले जेल से छुटकर आया था मृतक 

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक नितिन अभी कुछ ही दिन पहले जेल से छूटकर बाहर आया था. दरअसल, नितिन पर हमलावरों के परिवार के ही एक सदस्य की हत्या का आरोप था और वह उसी मामले में सजा काट रहा था. जेल से बाहर आते ही विपक्षी गुट ने बदला लेने की साजिश रची. पुरानी रंजिश की इस आग ने एक बार फिर खूनी खेल दिखाया, जिसमें सचिन और उसके साथियों ने नितिन को ठिकाने लगाने की योजना को अंजाम दिया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल 

नितिन की मौत के बाद उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गुस्से में डूबे परिवार वालों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि ग्रेटर नोएडा में पुलिस कमिश्नरेट होने के बावजूद अपराधी इतने बेखौफ कैसे हैं? परिजनों ने मांग की है कि दोषियों को कड़ी सजा मिले और पुलिस को इन हत्यारों का एनकाउंटर कर देना चाहिए. गांव वालों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी है.

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए...

घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और नितिन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एडीसीपी ने बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag