NEET Refund 2026: शुल्क वापसी के लिए बैंक डिटेल्स कन्फर्म करने का आखिरी मौका आज, बंद हो जाएगी विंडो

एनटीए के निर्देशों के मुताबिक, बैंक खाते की जानकारी को ऑनलाइन कंफर्म या संशोधित करने की अंतिम तारीख 7 जुलाई यानी आज रात 11:50 बजे तक ही है. इसके बाद करेक्शन विंडो को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा.

calender

नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने नीट यूजी 2026 परीक्षा में शामिल हुए लाखों परीक्षार्थियों के लिए फीस रिफंड से जुड़ा एक बेहद महत्वपूर्ण नोटिफिकेशन जारी किया है. एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों के बैंक खातों का वेरिफिकेशन सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है, उनके खातों में रिफंड की राशि भेजने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से शुरू कर दी गई है. वहीं दूसरी ओर, जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक अपनी बैंक डिटेल्स पोर्टल पर अपडेट नहीं की हैं या जिनके द्वारा भरी गई जानकारी में कोई त्रुटि है, उन्हें एनटीए ने अपनी गलतियां सुधारने का आज अंतिम अवसर दिया है. निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधार न करने वाले छात्रों को रिफंड पाने में बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.

आज रात 11:50 बजे बंद हो जाएगी करेक्शन विंडो

एनटीए के निर्देशों के मुताबिक, बैंक खाते की जानकारी को ऑनलाइन कंफर्म या संशोधित करने की अंतिम तारीख 7 जुलाई यानी आज रात 11:50 बजे तक ही है. इसके बाद करेक्शन विंडो को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा. समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी उम्मीदवार को बैंक विवरण में बदलाव का कोई अन्य मौका नहीं मिलेगा और पोर्टल पर उपलब्ध पुरानी या अधूरी जानकारी के आधार पर ही आगे की प्रक्रिया रोक दी जाएगी. जिन अभ्यर्थियों के खाते पहले से वेरीफाइड हैं, उन्हें कोई अतिरिक्त कदम उठाने की आवश्यकता नहीं है.

22 लाख में से सिर्फ 8.29 लाख छात्रों ने किया अपडेट

एजेंसी द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, नीट यूजी 2026 की मुख्य परीक्षा में 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी बैठे थे, लेकिन अब तक केवल 8,29,510 उम्मीदवारों ने ही अपने बैंक खातों के विवरण को अपडेट या कंफर्म किया है. इसका मतलब यह है कि एक बहुत बड़ी संख्या में छात्र ऐसे हैं, जिन्होंने अभी तक रिफंड के लिए जरूरी प्रक्रिया को पूरा नहीं किया है. एनटीए ने ऐसे सभी परीक्षार्थियों से बिना देरी किए तुरंत अपनी जानकारी सबमिट करने की अपील की है.

इन स्टेप्स से फटाफट अपडेट करें अपनी बैंक डिटेल्स

  • नीट यूजी की वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं। होम पेज पर दिखाई दे रहे 'Final Opportunity to Confirm/Update bank account details for NEET 2026 Fee Refund' लिंक पर क्लिक करें.
  • इसके बाद अपने नीट एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड की सहायता से लॉगिन करें.
  • लॉगिन करने के बाद डैशबोर्ड में जाएं और वहां बैंक अकाउंट का विकल्प चुनें.
  • अब अपना अकाउंट नंबर, खाताधारक का नाम और आईएफएससी (IFSC) कोड जैसी सभी महत्वपूर्ण जानकारियों को सावधानीपूर्वक दर्ज करें.
  • सभी विवरणों को जांच लें और सही होने पर सबमिट बटन दबाएं। भविष्य के संदर्भ के लिए कंफर्मेशन पेज का प्रिंटआउट जरूर सुरक्षित रख लें.
First Updated : Tuesday, 07 July 2026