जलसा के बाहर अमिताभ बच्चन का फैन हुआ बेहोश, वायरल वीडियो पर लोगों ने उठाए सवाल

अमिताभ बच्चन के घर 'जलसा' के बाहर उनका इंतजार कर रहा एक फैन भीषण गर्मी में बेहोश हो गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने नाराजगी जताते हुए सवाल उठाए कि आखिर किसी स्टार के लिए इस तरह जान जोखिम में डालना कितना सही है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन से मिलने के लिए हर रविवार उनके घर 'जलसा' के बाहर भारी संख्या में फैंस जुटते हैं. बीते रविवार भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, लेकिन इस दौरान एक फैन की तबीयत बिगड़ने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी में लंबे समय तक इंतजार करने के दौरान अधेड़ उम्र का एक शख्स बेहोश होकर गिर पड़ा.

फैन के बेहोश होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए आगे आते दिखाई दे रहे हैं. लोगों ने उसके चेहरे पर पानी छिड़ककर उसे होश में लाने की कोशिश की, जिसके बाद कुछ देर में उसकी हालत सामान्य हुई. हालांकि इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं.

इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ वीडियो

इस घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया. वीडियो सामने आते ही कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी.

एक यूजर ने लिखा, 'दर्शन? ये कोई भगवान हैं क्या! लोगों को कुछ भी हो सकता है.'

वहीं दूसरे यूजर ने कमेंट किया, 'इनके दर्शन से अच्छा है कि मंदिर में जाकर भगवान के दर्शन कर लेते.'

कमेंट सेक्शन में फूटा लोगों का गुस्सा

वीडियो पर कई यूजर्स ने व्यंग्यात्मक और नाराजगी भरे कमेंट किए. एक यूजर ने लिखा, 'लो मिल गया दर्शन. और चाहिए तो थोड़ा और रुक जाते, सूर्यदेव के बाद यमराज के भी दर्शन मिल जाते.'

एक अन्य शख्स ने लिखा, 'इनके लिए आप मरे जा रहे हैं और इन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता.'

इस तरह के कई कमेंट्स सोशल मीडिया पर देखने को मिले, जहां लोगों ने भीषण गर्मी में घंटों इंतजार करने को लेकर सवाल उठाए.

राहगीरों और फैंस ने की मदद

जानकारी के मुताबिक, जब फैन की तबीयत बिगड़ी तो वहां मौजूद अन्य फैंस और राहगीरों ने तुरंत मदद की. समय रहते सहायता मिलने की वजह से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और कुछ देर बाद फैन की हालत में सुधार हो गया.

गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन हर हफ्ते अपने फैंस से मिलने के बाद उनसे जुड़ी तस्वीरें और अनुभव अपने ब्लॉग पर साझा करते हैं.

फैंस के लिए ब्लॉग में कही थी यह बात

हाल ही में अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने फैंस के प्रति आभार जताते हुए लिखा था, 'इतने सारे फैंस का आशीर्वाद पाना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है... वे मुझे विश्वास दिलाते हैं... वे मुझे एक और दिन जीने की प्रेरणा देते हैं.... वे मुझे काम करने और और भी अधिक मेहनत करने और बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं... वे मेरे 'ईएफ' हैं... मेरा बहुत बड़ा परिवार हैं.'

उन्होंने आगे लिखा, 'मैंने सिक्योरिटी से भी बात की, ताकि उन्हें पता चले कि फैंस के साथ कैसा व्यवहार करना है. जनता के प्रति उनकी प्रतिक्रिया से यह पता चलेगा कि जनता मेरी प्रतिक्रिया को कैसे देखती है!'

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो