अनंत अंबानी के जन्मदिन पर दिखा बॉलीवुड सितारों का प्यार, सलमान- शाहरुख ने दी खास शुभकामनाएं
अनंत अंबानी ने जामनगर में भव्य तरीके से अपना 31वां जन्मदिन मनाया, जहां बॉलीवुड सितारों ने खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं. इस मौके पर कई सामाजिक पहल की घोषणाओं ने भी ध्यान खींचा.

अंबानी परिवार के छोटे बेटे अनंत अंबानी का 31वां जन्मदिन इस बार बेहद खास अंदाज में मनाया गया. जामनगर में आयोजित भव्य समारोह में न सिर्फ शाही अंदाज दिखा, बल्कि बॉलीवुड सितारों का प्यार भी खुलकर नजर आया. आधी रात से ही सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई और बड़े-बड़े सितारों ने अनंत को खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी.
बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान ने अपने इंस्टाग्राम पर अनंत अंबानी के साथ कुछ प्यारी तस्वीरें साझा कीं. एक तस्वीर में दोनों एक-दूसरे को गले लगाते हुए दिखाई दिए, जिसमें उनकी बॉन्डिंग साफ नजर आई. सलमान ने अनंत को अपना छोटा भाई बताते हुए उन्हें दिल से शुभकामनाएं दीं और उनकी तारीफ करते हुए उन्हें दयालु और प्रेरणादायक इंसान बताया. उन्होंने लिखा कि, "सबसे निस्वार्थ, सबसे दयालु इंसान और कई लोगों के लिए प्रेरणा- मेरे छोटे भाई अनंत को जन्मदिन की शुभकामनाएं."
वहीं, शाहरुख खान ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अनंत को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने अनंत को अच्छे काम जारी रखने और हमेशा सकारात्मक रहने की सलाह दी. साथ ही उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की. उन्होंने लिखा कि, "अनंत अंबानी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं... आप इसी तरह अच्छे काम करते रहें और जो कुछ भी सकारात्मक और सही है, उसे कायम रखें. अपना अच्छा काम जारी रखें और अपने काम के ज़रिए लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाते रहें. ईश्वर आपको हमेशा उत्तम स्वास्थ्य और खुशियाँ प्रदान करें."
रणवीर और संजय दत्त ने भी दी बधाई
रणवीर सिंह ने भी अपने अंदाज में अनंत को विश किया. उन्होंने एक मजेदार तस्वीर साझा करते हुए उन्हें भाई कहकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. इसके अलावा संजय दत्त ने भी अनंत के साथ तस्वीर पोस्ट की और उन्हें बेहद प्यारा और दयालु इंसान बताया. उन्होंने भगवान से उनके अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना की.
जामनगर में भव्य आयोजन
अनंत अंबानी ने 10 अप्रैल को अपना 31वां जन्मदिन जामनगर में मनाया. इस खास मौके पर अंबानी परिवार के साथ बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं. अपने जन्मदिन के मौके को खास बनाते हुए अनंत अंबानी ने कई सामाजिक पहल की भी घोषणा की. खबरों के अनुसार, केरल में मंदिरों के विकास और पशु कल्याण के लिए करीब 18 करोड़ रुपये देने की योजना बनाई गई है. इसमें राजराजेश्वरम मंदिर और गुरुवायूर मंदिर को सहयोग देने के साथ-साथ एक ऐतिहासिक गोपुरम के पुनर्निर्माण का काम भी शामिल है.
गुजरात में भी कई योजनाएं
गुजरात में भी कई विकास कार्यों की योजना बनाई गई है. द्वारका में यात्री भवन का निर्माण, शारदापीठ में एस्केलेटर लगाने और अंबाजी मंदिर में सालभर भोजन सेवा शुरू करने जैसी पहल शामिल हैं. इन योजनाओं का मकसद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देना और धार्मिक स्थलों को और सशक्त बनाना है.
अनंत अंबानी की योजनाएं सिर्फ मंदिरों तक सीमित नहीं हैं. इसमें शिक्षा के क्षेत्र में सुधार, गौशालाओं की स्थापना, सामुदायिक भोजन और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए कई कल्याणकारी कार्यक्रम भी शामिल हैं. खासतौर पर जामनगर के आसपास रहने वाले मजदूरों और गांव के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है.


