'मैं एपस्टीन की पीड़िता नहीं हूं', जेफ्री एपस्टीन से संबंधों के आरोपों पर मेलानिया ट्रंप का बड़ा बयान
अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने जेफ्री एपस्टीन से जुड़े सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें झूठ और साजिश बताया है. उन्होंने साफ कहा कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है और इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

नई दिल्ली: अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने कुख्यात फाइनेंसर जेफ्री एपस्टीन से अपने किसी भी संबंध और उसके अपराधों की जानकारी होने के आरोपों को सख्ती से खारिज कर दिया है. व्हाइट हाउस में दिए गए अपने बयान में उन्होंने इन दावों को पूरी तरह झूठा और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश बताया.
मेलानिया ट्रंप ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उन्हें एपस्टीन से जोड़ने वाले आरोप निराधार हैं और इनके खिलाफ उन्होंने कानूनी कदम भी उठाया है. उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज एक बार फिर चर्चा में हैं.
आरोपों को बताया झूठ और साजिश
व्हाइट हाउस में बयान पढ़ते हुए मेलानिया ट्रंप ने कहा, 'एपस्टीन जैसे बदनाम शख्स से मुझे जोड़ने वाले झूठ अब आज ही खत्म होने चाहिए. जो लोग ऐसा कर रहे हैं, वे नैतिकता, विनम्रता और सम्मान से कोसों दूर हैं.'
उन्होंने यह भी कहा कि उनके और उनके वकीलों ने इन आरोपों के खिलाफ कानूनी लड़ाई शुरू कर दी है.
बिना सवाल-जवाब दिए रवाना हुईं
मेलानिया ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ग्रैंड फोयर में करीब पांच मिनट तक अपना बयान पढ़ा और मीडिया के किसी भी सवाल का जवाब दिए बिना वहां से चली गईं. उन्होंने कहा कि ये आरोप ऐसे लोगों और संगठनों की ओर से लगाए जा रहे हैं, जिनका मकसद राजनीतिक और आर्थिक लाभ उठाना है.
पीड़ितों के लिए सार्वजनिक सुनवाई की मांग
अपने बयान में उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि एपस्टीन मामले की पीड़ित महिलाओं के लिए सार्वजनिक सुनवाई आयोजित की जाए. उन्होंने कहा, 'हर महिला को यह अधिकार होना चाहिए कि वह अगर चाहे तो सार्वजनिक रूप से अपनी कहानी कहे. तभी और सिर्फ तभी सच्चाई सामने आएगी.'
उनकी इस मांग को डेमोक्रेटिक पार्टी का समर्थन भी मिला है, जहां सांसदों ने इस मुद्दे पर जल्द सुनवाई की बात कही है.
ट्रंप से मुलाकात को लेकर दी सफाई
मेलानिया ट्रंप ने साफ किया कि जेफ्री एपस्टीन ने उनकी मुलाकात डोनाल्ड ट्रंप से नहीं कराई थी. उन्होंने बताया कि उनकी पहली मुलाकात 1998 में न्यूयॉर्क की एक पार्टी के दौरान हुई थी.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि न तो वह एपस्टीन की दोस्त थीं और न ही उसकी करीबी सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल की, हालांकि कुछ सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी रही थी.
ईमेल और फोटो पर भी दी सफाई
हाल ही में जारी दस्तावेजों में सामने आए 2002 के एक ईमेल और तस्वीर को लेकर भी मेलानिया ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, 'मेरे द्वारा भेजा गया जवाब सिर्फ एक सामान्य शिष्टाचार वाला मेल था. इससे ज्यादा इसका कोई मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए.'
दस्तावेजों में एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप, मेलानिया ट्रंप, जेफ्री एपस्टीन और मैक्सवेल एक साथ दिखाई देते हैं.
एपस्टीन केस फिर चर्चा में
गौरतलब है कि जेफ्री एपस्टीन पर नाबालिग लड़कियों की तस्करी और यौन शोषण के गंभीर आरोप थे. साल 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में उसकी मौत हो गई थी, जबकि उसकी सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल को 2021 में दोषी करार देते हुए 20 साल की सजा सुनाई गई थी.
मेलानिया ट्रंप का यह कड़ा रुख दर्शाता है कि वे अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों का न केवल खंडन कर रही हैं, बल्कि उन्हें कानूनी और सार्वजनिक मंच पर चुनौती देने के लिए भी तैयार हैं.


