मुरथल में जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, केक कटने से पहले ही हादसे ने छीनी दो बहनों की जान
मुरथल में जन्मदिन मनाने जा रहा एक परिवार दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया, जब तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी. इस हादसे में दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.

सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया. दिल्ली से बेटे का जन्मदिन मनाने मुरथल जा रहा परिवार उस वक्त हादसे का शिकार हो गया, जब उनकी कार को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी.
यह हादसा इतना भयावह था कि दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. परिवार मुरथल के ढाबों पर जन्मदिन मनाने के लिए बेहद उत्साहित था, लेकिन यह खुशी रास्ते में ही खत्म हो गई.
सामान लेने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली के उत्तम नगर निवासी मंदीप कौर अपने बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए परिवार और बहनों के साथ महिंद्रा TUV-300 कार से मुरथल जा रही थीं. जब उनकी गाड़ी राई थाना क्षेत्र में गोल्डन हट ढाबा के पास पहुंची, तो परिवार कुछ सामान लेने के लिए वहां रुका.
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
दो सगी बहनों की मौके पर मौत
इस भीषण हादसे में मंदीप कौर और उनकी बहन मनप्रीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, कार में मौजूद तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मदद के लिए दौड़ पड़े.
ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलते ही राई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल भिजवाया.
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल में रखवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है. हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है.


