विवाद के बाद बदला अंदाज, सौरव गांगुली की बायोपिक 'दादा' के मेकर्स ने शेयर किए फैन-मेड पोस्टर्स
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की बायोपिक 'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' का पहला पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. यह चर्चा फिल्म का अच्छा लगने पर नहीं बल्कि फिल्म के पोस्टर की क्वालिटी और मेकिंग को लेकर हुई. जिसके बाद मेकर्स ने फैंस द्वारा बनाए गए पोस्टर शेयर किए है.

मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की बायोपिक 'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' का पहला पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. हालांकि यह चर्चा फिल्म का अच्छा लगने पर नहीं बल्कि फिल्म के पोस्टर की क्वालिटी और मेकिंग को लेकर हुई. बता दें, फिल्म "दादा" में राजकुमार राव सौरव गांगुली का किरदार निभा रहे हैं. वहीं फिल्म के पोस्टर को लेकर हुए विवाद के बाद मेकर्स ने अब फैंस द्वारा बनाए गए पोस्टर का एक पोस्ट शेयर किया है.
सोशल मीडिया पोस्ट किया शेयर
निर्माताओं ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर कई फैन-मेड पोस्टर्स शेयर करते हुए लिखा, "दादा के फैंस का प्यार... दादा के लिए फैंस द्वारा बनाए गए पोस्टर्स." खास बात है कि फैंस द्वारा बनाए गए पोस्टर की ओरिजिनल पोस्टर से ज्यादा पसंद किया जा रहा है, जिसके चलते फैंस मेकर्स की आलोचना कर रहे हैं कि फिल्म की टीम ओर से अच्छा पोस्टर क्यों नहीं बनाया गया.
कब हुआ था ऑफिसियल पोस्टर आउट
बता दें, फिल्म का पहला ऑफिसियल पोस्टर 8 जुलाई को सौरव गांगुली के जन्मदिन के मौके पर जारी किया गया था. इसमें राजकुमार राव को 2002 की ऐतिहासिक नेटवेस्ट ट्रॉफी जीत के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में जर्सी लहराते हुए दिखाया गया है. यह वही यादगार पल है जिसने गांगुली की कप्तानी और उनके बेखौफ अंदाज को क्रिकेट इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज कर दिया.
फैंस ने जताई नाराजगी
हालांकि, पोस्टर रिलीज होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे लेकर नाराजगी जताई. कुछ लोगों का कहना था कि राजकुमार राव का लुक सौरव गांगुली से मेल नहीं खाता, जबकि कुछ ने पोस्टर के डिजाइन को भी कमजोर बताया. कई यूजर्स ने यहां तक कहा कि फैंस द्वारा बनाए गए पोस्टर्स आधिकारिक पोस्टर से ज्यादा बेहतर लग रहे हैं.
मेकर्स द्वारा शेयर किए गए फैन-मेड पोस्टर्स को भी सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है. यही वजह है कि कमेंट सेक्शन में कई लोगों ने लिखा कि इनमें से कुछ डिजाइन आधिकारिक पोस्टर से कहीं ज्यादा इम्पैक्टफुल हैं.
कब होगी रिलीज?
फिल्म 'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग ने किया है. टी-सीरीज़ और लव फिल्म्स के बैनर तले बन रही यह बायोपिक 14 मई 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. अब फैंस को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में फिल्म से जुड़े नए पोस्टर्स और टीजर उनकी उम्मीदों पर खरे उतरेंगे.


