'बेटी को आते थे कॉल', अनीता कंवल ने कास्टिंग काउच को लेकर किया बड़ा खुलासा
दिग्गज टीवी अभिनेत्री अनीता कंवल ने हाल ही में बेटी पूजा कंवल के एक्टिंग करियर के दौरान आए मुश्किल अनुभवों और अपने संघर्षों को साझा किया. इस दौरान उन्होंने कई अनुभव साझा किए.

नई दिल्ली: दिग्गज टीवी अभिनेत्री अनीता कंवल ने हाल ही में अपनी बेटी और अभिनेत्री पूजा कंवल के मनोरंजन जगत में करियर बनाने के सफर से जुड़े कई दर्दनाक अनुभव साझा किए. बातचीत के दौरान अनीता ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी के सपनों को आगे बढ़ाने के लिए अपने करियर से भी अधिक संघर्ष किया. यहां तक कि अपने करियर के सबसे अच्छे दौर में भी उन्होंने कई काम ठुकराए और बेटी के साथ शूटिंग पर गईं ताकि वह सुरक्षित माहौल में आगे बढ़ सके.
पूजा कंवल ने साल 2004 में ऊफ क्या जादू मोहब्बत है फिल्म से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद वह जवानी जिंदाबाद और ब्लू ऑरेंजेस जैसी फिल्मों में भी नजर आईं. शुरुआत अच्छी होने के बावजूद उन्हें वह पहचान और सफलता नहीं मिली जिसकी उन्हें उम्मीद थी. बाद में उन्होंने अभिनय से दूरी बना ली और अब इवेंट होस्टिंग और एंकरिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं.
बेटी के सपने के लिए किया हर संभव प्रयास
अनीता ने बातचीत में बताया कि उन्हें बचपन से ही अपनी बेटी के अंदर अभिनेत्री बनने की इच्छा और प्रतिभा दिखाई देती थी. उन्होंने कहा कि पूजा में अभिनय के साथ-साथ डांस और अन्य कलात्मक गुण भी मौजूद थे, इसलिए उन्होंने उसके सपनों को पूरा करने में पूरी ताकत लगा दी. अनीता के मुताबिक, उन्होंने बेटी के लिए खुद से भी ज्यादा मेहनत की क्योंकि उन्हें विश्वास था कि वह इस क्षेत्र में आगे बढ़ सकती है.
बेटी को कास्टिंग काउच जैसी मुश्किलों से बचाने की कोशिश
इंटरव्यू में अनीता ने इंडस्ट्री के उस पहलू पर भी बात की जो अक्सर चर्चा में नहीं आता. उन्होंने बताया कि जब पूजा दक्षिण भारत में काम कर रही थीं, तब कुछ लोगों की ओर से उन्हें और उनकी बेटी को अनुचित प्रस्तावों और दबाव भरे फोन कॉल्स का सामना करना पड़ा. अनीता ने कहा कि उन्होंने ऐसे लोगों को साफ और सख्त जवाब दिया और दोबारा ऐसी हरकत न करने की चेतावनी भी दी. उनका कहना था कि वह किसी भी कीमत पर अपनी बेटी को ऐसे अनुभवों से टूटने नहीं देना चाहती थीं.
बेटी के पुराने दर्द को आज खुद महसूस कर रहीं अनीता
बातचीत के दौरान अनीता ने एक भावुक बात भी साझा की. उन्होंने बताया कि कई सालों बाद आज उन्हें वही खालीपन और दर्द महसूस होता है, जिससे कभी उनकी बेटी गुजरी थी. उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में लंबे समय तक काम करने के बाद जब लोग आपको भूलने लगते हैं, तो यह भावनात्मक रूप से बहुत मुश्किल होता है. अनीता ने बताया कि वह कभी एक साथ कई प्रोजेक्ट्स का हिस्सा थीं, लेकिन समय के साथ चीजें बदल गईं. इसी दर्द को व्यक्त करते हुए उन्होंने अपनी बेटी से कहा था कि कभी-कभी उन्हें समझ नहीं आता कि वह आगे क्यों जी रही हैं.


