धुरंधर एक्टर रणवीर सिंह पर मंडराया खतरा! वाइस नोट भेज मांगे करोड़ों रुपये, एक्टर के घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
रोहित शेट्टी के बाद अब धुरंधर एक्टर रणवीर सिंह को धमकी भरा मैसेज मिला है. उन्हें व्हाट्सएप के जरिए एक वॉइस नोट मिला, जिसमें करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी गई है.

मुंबई: बॉलीवुड में इन दिनों धमकियों का सिलसिला जारी है. फिल्मकार रोहित शेट्टी के घर पर हाल ही में हुई फायरिंग के कुछ दिनों बाद अब सुपरस्टार रणवीर सिंह को भी गंभीर खतरा मंडराने लगा है. सूत्रों के मुताबिक, रणवीर को व्हाट्सएप पर एक धमकी भरा वॉइस नोट मिला है, जिसमें उनसे करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी गई है. इस मैसेज में धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया है.
धमकी मिलते ही पुलिस हुई अलर्ट
रणवीर सिंह ने जैसे ही यह वॉइस नोट प्राप्त किया, उन्होंने तुरंत मुंबई पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी. एक्टर के बांद्रा स्थित घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है.
अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और आने-जाने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है. पुलिस धमकी भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है.
रोहित शेट्टी घटना से जुड़ा कनेक्शन?
यह धमकी रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की घटना के ठीक बाद आई है. 31 जनवरी को मुंबई के जुहू इलाके में रोहित के घर के बाहर अज्ञात हमलावर ने कई राउंड गोलियां चलाई थी. रोहित घर में मौजूद थे, लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई.
हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पर ली थी. पोस्ट में शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई और हरि बॉक्सर जैसे नाम सामने आए थे. अब रणवीर सिंह को मिली धमकी में भी इसी गैंग का नाम लिया गया है, जिससे बॉलीवुड में दहशत का माहौल है.
बॉलीवुड पर लगातार हमले
पिछले कुछ समय में कई बड़ी हस्तियों पर ऐसे हमले या धमकियां हो चुकी हैं. सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग का मामला सबसे चर्चित रहा, जिसकी जिम्मेदारी भी बिश्नोई गैंग ने ली थी. कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर कई बार गोलीबारी हुई. दिशा पाटनी के बरेली घर और यूट्यूबर एल्विश यादव के ठिकाने पर भी फायरिंग के मामले दर्ज हुए. इन घटनाओं से साफ है कि गैंगस्टर बॉलीवुड सेलेब्स को निशाना बना रहे हैं.
णवीर सिंह फिलहाल अपनी आगामी फिल्मों 'धुरंधर' जैसी ब्लॉकबस्टर की सफलता का जश्न मना रहे थे, लेकिन अब सुरक्षा के सवाल ने सबको चिंतित कर दिया है. पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से चल रही है और दोषियों को जल्द पकड़ा जाएगा. बॉलीवुड में सुरक्षा को लेकर अब और सख्ती बरती जा रही है.


