इमरान हाशमी-दिशा पटानी की फिल्म आवारापन 2 की रिलीज डेट आई सामने, मेकर्स ने गानों को लेकर दिया हिंट
इमरान खान की फिल्म आवारापन का सीक्वल आवारापन 2 सिनेमा घरों में जल्द ही रिलीज होने वाला है. मेकर्स ने रिलीज डेट से पर्दा उठाते हुए बताया कि यह कहानी 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में देखने को मिलेगी.

नई दिल्ली: इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म आवारापन 2 की रिलीज डेट आखिरकार तय हो गई है. यह 2007 की हिट फिल्म आवारापन का सीक्वल है, जिसमें अब दिशा पटानी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी. फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जो स्वतंत्रता दिवस के सप्ताहांत पर है.
आवारापन 2 की कहानी
पहली फिल्म में सफेद कबूतरों की कहानी में अहम भूमिका थी. निर्माताओं ने इस सीक्वल में भी पुरानी यादों को ताजा रखने की कोशिश की है. हाल ही में जारी टीजर झलकियों में दिशा पटानी को कबूतर छोड़ते हुए और इमरान हाशमी को लॉकेट थामे दिखाया गया है. इमरान के हाथ में कबूतर का टैटू भी नजर आया, जो फैंस के लिए पुरानी फिल्म की याद दिलाता है.
फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं, जबकि पटकथा बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है. मोहित सूरी द्वारा निर्देशित पहली फिल्म के मुकाबले यह सीक्वल काफी बड़े स्तर पर बन रही है.
निर्माता का बयान
निर्माता विशेष भट्ट ने कहा, “आवारापन सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि सिनेमा के लिए एक बड़ा भावनात्मक अनुभव है. हमने शानदार विजुअल्स के साथ प्रोडक्शन को भव्य बनाया है, लेकिन फिल्म की आत्मा इसकी गहरी कहानी और दमदार संगीत में है. इमरान ने शिवम का दर्द बखूबी निभाया है. दिशा पटानी को शामिल करने से कहानी को नए रंग मिले हैं.”
लाहौर 1947 से होगी टक्कर
आवारापन 2 की रिलीज 14 अगस्त 2026 को तय होने से बॉलीवुड में रोमांचक मुकाबला हो गया है. सनी देओल और प्रीति जिंटा की फिल्म लाहौर 1947 (आमिर खान द्वारा प्रोड्यूस) 13 अगस्त 2026 को रिलीज होने वाली है. दोनों फिल्में स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर आमने-सामने होंगी, जो बॉक्स ऑफिस पर जोरदार टक्कर दे सकती है.
आवारापन 2 का निर्माण मुंबई में अंतिम चरण में है. यह दिशा पटानी का विशेष फिल्म्स के साथ पहला प्रोजेक्ट भी है. फैंस अब दोनों फिल्मों की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इमरान-दिशा की जोड़ी और सनी देओल की एक्शन से भरी फिल्म के बीच यह क्लैश Independence Day 2026 को यादगार बनाने वाला है.


