चॉकलेटी बॉय से कबीर सिंह के जुनूनी लवर तक, शाहिद कपूर का 23 साल का धमाकेदार करियर ग्राफ, हर रोल में बदला रंग
शाहिद कपूर ने बॉलीवुड में 23 साल पूरे कर लिए. डांस इंस्टीट्यूट से निकले इस लड़के ने बैकग्राउंड डांसर से शुरुआत की और आज ब्लॉकबस्टर स्टार बन चुके हैं. जन्मदिन के इस खास मौके पर आइए उनके शानदार सफर और करियर के उतार-चढ़ाव पर एक नजर डालते है.

शाहिद कपूर का 23 साल का फिल्मी सफर एक रोमांचक रोलर-कोस्टर जैसा रहा है. मासूम, चॉकलेटी लुक वाले रोमांटिक हीरो से लेकर गुस्सैल, इंटेंस और एंटी-हीरो तक के किरदार निभाकर उन्होंने साबित कर दिया कि वे सिर्फ एक खास इमेज में कैद नहीं हैं. उन्होंने बार-बार खुद को नए सिरे से पेश किया, रिस्क लिए और हर बार दर्शकों को हैरान किया. आज शाहिद कपूर बॉलीवुड के उन चुनिंदा एक्टर्स में शुमार हैं जो रोमांस, ड्रामा, एक्शन और कॉमेडी हर जॉनर में कमाल दिखा चुके हैं.
उनका करियर ग्राफ उतार-चढ़ाव से भरा रहा, लेकिन हर बार उन्होंने मजबूत वापसी की. डांस से शुरू हुआ सफर फिल्मों तक पहुंचा और आज वे एक कम्पलीट परफॉर्मर के तौर पर जाने जाते हैं. तो आइए एक नजर डालते हैं शाहिद कपूर के इस लंबे और शानदार सफर पर.
डांस से शुरू हुआ सफर
शाहिद कपूर बचपन से ही डांस के शौकीन थे. 15 साल की उम्र में उन्होंने श्यामक डावर के डांस इंस्टीट्यूट में दाखिला लिया. उन्होंने ‘दिल तो पागल है’ और ‘ताल’ जैसी बड़ी फिल्मों में बैकग्राउंड डांसर के तौर पर काम किया. बाद में कुछ ऐड फिल्म्स और म्यूजिक वीडियो में भी नजर आए, लेकिन फिल्मी दुनिया में उनका असली एंट्री 2003 में हुआ.
इश्क विश्क से मिली पहचान
शाहिद ने 2003 में ‘इश्क विश्क’ से डेब्यू किया. उनकी बॉय-नेक्स्ट-डोर इमेज, क्यूट स्माइल और शानदार डांस मूव्स ने उन्हें तुरंत युवा दर्शकों का फेवरेट बना दिया. शुरुआती सालों में वे ज्यादातर रोमांटिक किरदारों में नजर आए, लेकिन 2006 उनके लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.
पहली हिट और कॉमिक टैलेंट
2006 में आई ‘36 चाइना टाउन’ उनकी पहली हिट फिल्म बनी. इस मल्टीस्टारर थ्रिलर-कॉमेडी में शाहिद ने सस्पेंस और कॉमेडी का शानदार बैलेंस दिखाया. उसी साल रिलीज हुई ‘चुप-चुप के’ ने उनके कॉमिक टाइमिंग को सामने लाया. फिल्म में एक ऐसे लड़के की कहानी थी जो हालातों से तंग आकर घर छोड़ देता है और अजीबोगरीब स्थितियों में फंस जाता है. उनकी सादगी और मासूमियत ने दर्शकों का दिल जीता.
विवाह से पहली बड़ी ब्लॉकबस्टर
2006 में ही आई ‘विवाह’ शाहिद के करियर की पहली बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई. अमृता राव के साथ उनकी केमिस्ट्री और पारिवारिक ड्रामा ने फिल्म को सुपरहिट बनाया.
जब वी मेट और कमीने से लिया रिस्क
2007 में इम्तियाज अली की ‘जब वी मेट’ आई, जो आज भी क्लासिक रोमांटिक फिल्म मानी जाती है. करीना कपूर के साथ शाहिद का ‘आदित्य’ किरदार टूटे दिल से प्यार की नई शुरुआत तक का सफर दिखाता है. फिल्म का म्यूजिक और केमिस्ट्री आज भी याद की जाती है. 2009 में शाहिद ने बड़ा रिस्क लिया और ‘कमीने’ में डबल रोल निभाया. दोनों किरदारों में जमीन-आसमान का फर्क था और फिल्म हिट साबित हुई.
उड़ता पंजाब और पद्मावत
2016 में ‘उड़ता पंजाब’ उनके करियर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक रही. ड्रग्स पर आधारित इस फिल्म में उनके अभिनय की जमकर तारीफ हुई और यह हिट रही. 2018 में आई ‘पद्मावत’ ब्लॉकबस्टर साबित हुई. शाहिद ने ‘राणा रतन सिंह’ का गरिमामय और शांत किरदार निभाया, जिसने रणवीर सिंह के आक्रामक रोल के बावजूद काफी प्रभाव छोड़ा.
कबीर सिंह ने तोड़े सारे रिकॉर्ड
2019 में रिलीज हुई ‘कबीर सिंह’ शाहिद के करियर की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनी. फिल्म को लेकर विवाद हुए, लेकिन शाहिद के इंटेंस और पावरफुल अभिनय ने उन्हें 200 करोड़ क्लब में पहुंचाया और सुपरस्टार साबित किया.
2024 में नया प्रयोग
2024 में आई ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में शाहिद एक साइंटिस्ट के किरदार में नजर आए, जो एक रोबोट से प्यार कर बैठता है. रोमांस और साइंस-फिक्शन का यह अनोखा मिश्रण दर्शकों को खूब पसंद आया और फिल्म हिट रही.


