रणवीर सिंह के लिए बड़ी राहत, FWICE ने हटाया असहयोग का फैसला

3 जून को जारी प्रेस रिलीज में FWICE ने बताया कि कई दौर की बातचीत के बाद यह कदम उठाया गया है। इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के दखल के बाद फेडरेशन ने मामला सुलझाने की पहल की।

Sachin Hari Legha


मुंबई: फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने एक्टर रणवीर सिंह के खिलाफ जारी असहयोग का निर्देश आधिकारिक तौर पर वापस ले लिया है। 'डॉन 3' से रणवीर के बाहर होने के बाद शुरू हुए विवाद में यह एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।  

बातचीत के बाद लिया गया फैसला  

आपको बताते चलें कि 3 जून को जारी प्रेस रिलीज में FWICE ने बताया कि कई दौर की बातचीत के बाद यह कदम उठाया गया है। इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के दखल के बाद फेडरेशन ने मामला सुलझाने की पहल की। FWICE का कहना है कि इंडस्ट्री में एकता और तालमेल जरूरी है। इसलिए इस विवाद को अब आपसी सहमति से खत्म किया जाना चाहिए।  

फेडरेशन ने साफ किया कि निर्देश तुरंत प्रभाव से हटाया जा रहा है। संस्था का मानना है कि इंडस्ट्री के अंदर के मतभेद लंबे झगड़ों से नहीं, बल्कि बातचीत और समझ से हल होने चाहिए। बयान में कहा गया, "FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग का रुख वापस ले लिया है।"  

एक्टर से की सहयोग की अपील  

FWICE ने बताया कि अलग-अलग प्रोड्यूसर बॉडीज के साथ चर्चा अभी चल रही है। साथ ही रणवीर सिंह से भी अपील की गई कि वे समाधान की प्रक्रिया का हिस्सा बनें। फेडरेशन ने कहा, "हम रणवीर सिंह से विनम्र अनुरोध करते हैं कि वे इस मुद्दे को सुलझाने में मदद करें।"  

यह फैसला रणवीर की तरफ से FWICE को कानूनी नोटिस भेजे जाने के एक दिन बाद आया है। नोटिस में रणवीर ने असहयोग का निर्देश हटाने की मांग की थी। FWICE के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने मीडिया को बताया कि उन्हें नोटिस मिल गया है। पंडित बोले, "कल ही हमें कानूनी नोटिस मिला था। हम इसका जवाब कानूनी तरीके से देंगे।"  

"बैन का अधिकार नहीं, बैठकर हल निकालें"  

अशोक पंडित ने आगे कहा, "हम रणवीर से अपील करते हैं कि वे आएं, हमारे साथ बैठें और कोई रास्ता निकालें। हम उनके स्टारडम की इज्जत करते हैं। किसी पर बैन लगाने का हक हमारे पास नहीं है। हमें उम्मीद है कि रणवीर की तरफ से पॉजिटिव रिस्पॉन्स आएगा।"  

FWICE ने यह भी दोहराया कि वह कानूनी नोटिस का जवाब नियमों के मुताबिक देगा। फेडरेशन ने IMPPA का शुक्रिया अदा किया जिसने मामले को सुलझाने में मदद की। FWICE ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री आपसी सम्मान, सहयोग और एकजुटता से ही आगे बढ़ती है।  

यह पूरा विवाद फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' से रणवीर सिंह के हटने के बाद शुरू हुआ था। इसके बाद ही FWICE ने एक्टर के खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी किया था। इस मुद्दे पर पिछले कुछ हफ्तों से इंडस्ट्री में बहस चल रही थी। कई बड़े सितारों और फिल्म से जुड़े लोगों ने अपनी राय रखी थी।  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो