नई दिल्ली: एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपनी बेबाक और बिंदास छवि के लिए पहचान बनाने वाली राखी सावंत का एक बेहद भावुक पक्ष हाल ही में सामने आया. हमेशा हंसती-मुस्कुराती नजर आने वाली राखी ने अपनी निजी जिंदगी के दर्द को खुलकर साझा किया, जिसे सुनकर हर कोई भावुक हो गया.
कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में पहुंचीं राखी सावंत ने अपनी तन्हाई, टूटे रिश्तों और मां के निधन के बाद की जिंदगी को लेकर दिल खोलकर बात की. इस दौरान राखी खुद को संभाल नहीं पाईं और फूट-फूटकर रोने लगीं.
पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान राखी ने कहा, "मैं बहुत रोती हूं. कल रात को ही खूब रोई हूं. मुझसे कोई पूछने वाला नहीं है कि खाना खाया या नहीं खाया. मां जिंदा थी तो पूछती थी कि खाना खा ले."
राखी ने आगे अपनी तन्हाई का जिक्र करते हुए कहा, "घर भी एक दम श्मशान घाट जैसा लगता है, क्योंकि कोई पूछने वाला ही नहीं होता. जिंदगी में कोई भी नहीं है. हिम्मत भी नहीं हो रही है कि मैं दोबारा शादी करूं, क्योंकि ये सब मुझे लूट लेंगे. इन लोगों को बीवी नहीं चाहिए, ये लोग मुझे इस्तेमाल करके सीढ़ी की तरह चढ़ना चाहते हैं. मेरी जिंदगी से मेरा भरोसा उठ गया है. कैसे कीचड़ों में आई हूं मैं."
अपनी जिंदगी का दर्द साझा करते हुए राखी सावंत भावुक होकर रोने लगीं. उन्हें इस हालत में देखकर भारती सिंह की आंखों से भी आंसू निकल पड़े. हमेशा मस्ती-मजाक करने वाली राखी का यह इमोशनल रूप देखकर पॉडकास्ट का माहौल भी काफी भावुक हो गया.
राखी सावंत का दर्द सुनने के बाद फैंस भी काफी भावुक नजर आए. सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि राखी अपने अंदर कितना भी दर्द छिपाए रखें, लेकिन वह हमेशा दूसरों को हंसाने की कोशिश करती हैं. कई फैंस ने उनकी हिम्मत और सच्चाई की तारीफ भी की.
राखी सावंत की निजी जिंदगी लंबे समय से चर्चा में रही है. उन्होंने साल 2019 में रितेश सिंह से शादी की थी, लेकिन 2022 में दोनों का रिश्ता टूट गया. इसके बाद राखी ने बिजनेसमैन आदिल खान दुर्रानी के साथ निकाह किया, लेकिन यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और एक साल के भीतर दोनों अलग हो गए. फिलहाल राखी अकेले जिंदगी बिता रही हैं. First Updated : Wednesday, 27 May 2026