एक पत्नी, दो गर्लफ्रेंड... ‘पति पत्नी और वो दो’ के टीजर ने मचाया धमाल, नए अवतार में दिखेंगे आयुष्मान खुराना

‘पति पत्नी और वो दो’ का टीजर रिलीज होते ही फिल्म चर्चा में आ गई है. आयुष्मान खुराना का किरदार शादी के बाद भी रोमांस की तलाश में नजर आ रहा है, जिससे कहानी में मजेदार ट्विस्ट देखने को मिल सकता है.

Shraddha Mishra

कॉमेडी और रिश्तों की उलझनों से भरी फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ इन दिनों चर्चा में बनी हुई है. पोस्टर के बाद अब इसका टीजर रिलीज होते ही दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है. खास बात यह है कि फिल्म में आयुष्मान खुराना एक नहीं, बल्कि तीन अभिनेत्रियों के साथ रोमांटिक अंदाज में नजर आने वाले हैं, जिससे कहानी में ट्विस्ट और मजा दोनों देखने को मिलेगा.

फिल्म का टीजर काफी मजेदार और दिलचस्प है. इसकी शुरुआत पुरानी क्लासिक फिल्म ‘पति पत्नी और वो’ की झलक से होती है, जिससे कहानी का कनेक्शन साफ हो जाता है. इसके बाद मुख्य किरदार प्रजापति पांडे के रूप में आयुष्मान खुराना की एंट्री होती है.

टीजर में उन्हें एक ऐसे पति के रूप में दिखाया गया है, जो शादीशुदा होने के बावजूद घर से बाहर प्यार की तलाश में भटक रहा है. लेकिन यह रास्ता उनके लिए आसान नहीं है, क्योंकि जहां उन्हें रोमांस मिलता है, वहीं मुसीबतें भी उनका पीछा नहीं छोड़तीं. इस छोटी सी झलक ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है और अब सभी को ट्रेलर का इंतजार है.

पोस्टर ने भी खींचा ध्यान

टीजर से पहले फिल्म का पोस्टर भी काफी चर्चा में रहा था. इसमें आयुष्मान खुराना किसी अभिनेत्री के साथ नहीं, बल्कि एक तेंदुए के साथ नजर आए थे. दिलचस्प बात यह थी कि वह जाल में फंसे हुए दिखाए गए थे. पोस्टर के साथ दिया गया कैप्शन “शिकारी खुद हो गया शिकार” कहानी के मजेदार ट्विस्ट की ओर इशारा करता है. इससे साफ होता है कि फिल्म में हास्य के साथ-साथ कई अनपेक्षित मोड़ भी देखने को मिलेंगे.

स्टारकास्ट और निर्देशन

इस फिल्म में आयुष्मान खुराना के साथ सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी. इसके अलावा विजय राज, तिग्मांशु धूलिया और आयशा रजा जैसे अनुभवी कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं. फिल्म का निर्देशन मुदस्सर अजीज ने किया है, जिन्होंने पहले भी इसी विषय पर बनी फिल्म ‘पति पत्नी और वो’ को निर्देशित किया था. निर्माण की जिम्मेदारी भूषण कुमार और रेनू रवि चोपड़ा ने संभाली है. मल्टीस्टार कास्ट और कॉमेडी से भरपूर कहानी के चलते फिल्म से काफी उम्मीदें की जा रही हैं.

कब होगी रिलीज? 

फिल्म 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. टीजर और पोस्टर को मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद यह कहा जा सकता है कि दर्शक इस फिल्म को देखने के लिए काफी उत्साहित हैं. साथ ही, आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की जोड़ी को फिर से बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा, जिससे फैंस की उम्मीदें और बढ़ गई हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो