भतीजी की विदाई में इमोशनल हुए राजपाल यादव, मुश्किल दौर में भी निभाए रिश्ते

जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद राजपाल यादव शाहजहांपुर में अपनी भतीजी की शादी में शामिल हुए. खुशी के माहौल में उन्होंने डांस किया और रोटी भी बनाई, लेकिन विदाई के दौरान भावुक होकर रो पड़े.

Shraddha Mishra

जेल से रिहाई के बाद बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई विवाद नहीं बल्कि एक भावुक पारिवारिक पल है. शाहजहांपुर में अपनी भतीजी की शादी में शामिल होकर उन्होंने यह दिखा दिया कि मुश्किल समय के बावजूद परिवार उनके लिए सबसे पहले है. शादी के घर में उनका अलग ही रूप देखने को मिला.

शाहजहांपुर में आयोजित पारिवारिक समारोह में राजपाल यादव पूरे उत्साह के साथ नजर आए. कभी वे डांस फ्लोर पर ठुमके लगाते दिखे, तो कभी रसोई में जाकर मेहमानों के लिए रोटियां बनाते हुए दिखाई दिए. शादी के माहौल में उन्होंने किसी भी तरह की परेशानी का असर खुद पर नहीं आने दिया. उनकी सादगी और अपनापन देखकर मेहमान भी हैरान रह गए. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में साफ दिखता है कि वे पूरे दिल से शादी की तैयारियों में शामिल थे.

विदाई के समय छलके आंसू

हालांकि शादी की खुशियों के बीच एक ऐसा पल भी आया, जब अभिनेता अपनी भावनाओं को रोक नहीं पाए. भतीजी की विदाई के दौरान राजपाल यादव की आंखों में आंसू आ गए. वह अपनी भतीजी को गले लगाकर रो पड़े. यह दृश्य वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर गया. भतीजी ने भी अपने चाचा को गले लगाकर विदा ली. बाद में अभिनेता ने खुद को संभाला और आशीर्वाद देकर उसे ससुराल के लिए रवाना किया. इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.

फैन्स का मिला प्यार

वीडियो सामने आने के बाद फैन्स ने भी अपनी भावनाएं साझा कीं. लोगों ने कहा कि राजपाल यादव एक सच्चे फैमिली मैन हैं, जो रिश्तों की अहमियत समझते हैं. शादी में उनके द्वारा हर छोटे-बड़े काम में हाथ बंटाने की बात ने लोगों का दिल जीत लिया. कई प्रशंसकों ने लिखा कि परदे पर लोगों को हंसाने वाला कलाकार असल जिंदगी में भी उतना ही सरल और संवेदनशील है.

विवादों से घिरी निजी जिंदगी

जहां एक तरफ यह भावुक दृश्य चर्चा में है, वहीं उनकी कानूनी परेशानियां भी सुर्खियों में हैं. साल 2012 में उनकी फिल्म अता पता लापता रिलीज हुई थी. इस फिल्म के निर्माण के लिए उन्होंने एक कंपनी से करीब पांच करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही और कर्ज की रकम समय पर नहीं चुकाई जा सकी.

समय बीतने के साथ यह रकम बढ़कर करीब नौ करोड़ रुपये हो गई. लंबा इंतजार करने के बाद कंपनी ने अदालत का सहारा लिया. कोर्ट के आदेश के बाद राजपाल यादव को तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा. लगभग 12 दिन जेल में बिताने के बाद उन्हें जमानत मिल गई. इस मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को तय है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag