लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे हैरी बॉक्सर ने दी रणवीर को धमकी, वॉट्सएप पर भेजा था वॉइस नोट
रणवीर सिंह को कथित तौर पर बिश्नोई गैंग की ओर से वॉयस नोट भेजकर एक करोड़ रुपये की मांग की गई. मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है और विदेशी कनेक्शन की जांच के लिए इंटरपोल की मदद ली जा रही है.

मुंबई: फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर दहशत का माहौल है. इस बार मामला अभिनेता रणवीर सिंह से जुड़ा है, जिन्हें कथित तौर पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से धमकी भरा वॉयस नोट भेजा गया. इस नोट में न सिर्फ उन्हें डराने की कोशिश की गई, बल्कि एक करोड़ रुपये की मांग भी की गई. मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले की जांच तेज कर दी है. जांच में सामने आया है कि यह धमकी वॉट्सऐप वॉयस नोट के जरिए भेजी गई थी.
पुलिस के मुताबिक, यह संदेश गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर की ओर से भेजा गया बताया जा रहा है. शुरुआती जांच में आवाज उसकी होने की आशंका जताई गई है. हालांकि इसकी पुख्ता पुष्टि के लिए वॉयस सैंपल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. बताया जा रहा है कि यह संदेश रणवीर सिंह के मैनेजर के मोबाइल नंबर पर भेजा गया था. इसमें अभिनेता को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हुए पैसे देने को कहा गया.
इंटरपोल की मदद से जांच
मुंबई क्राइम ब्रांच का कहना है कि धमकी भेजने के लिए वीपीएन नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया, जिससे असली लोकेशन छिपाई जा सके. शुरुआती तकनीकी जांच में संकेत मिले हैं कि संदेश विदेश से भेजा गया हो सकता है. इसी कारण अब इंटरपोल की मदद ली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वॉयस नोट किस देश से भेजा गया. क्राइम ब्रांच ने रणवीर सिंह की मैनेजर का बयान दर्ज किया है और मामले से जुड़े अन्य डिजिटल सबूत भी जुटाए जा रहे हैं. पुलिस जल्द ही इस मामले में औपचारिक केस दर्ज कर सकती है.
अन्य सितारों को भी मिली धमकी
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हाल ही में फायरिंग की घटना हुई थी. उस हमले की जिम्मेदारी भी बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने ली थी. हालांकि उस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इससे इंडस्ट्री में चिंता बढ़ गई है. जांच एजेंसियों ने आयुष शर्मा के मैनेजर का भी बयान दर्ज किया है. इससे पहले कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हमला, अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर के बाहर फायरिंग और यूट्यूबर एल्विश यादव के ठिकाने पर भी हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं.


