भीलवाड़ा में शराब समझकर एसिड पीने से चार लोगों की मौत
राजस्थान के भीलवाड़ा में शराब समझकर तेजाब पीने से 4 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में एक व्यक्ति अब भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है. उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

राजस्थान के भीलवाड़ा में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. गंगापुर थाना क्षेत्र के आलोली गांव में चार लोगों की मौत उस समय हो गई, जब उन्होंने सफाई कार्य में इस्तेमाल होने वाले तेजाब या ज्वलनशील तरल को शराब समझकर पी लिया. इस हादसे में तीन महिलाओं और एक पुरुष की जान चली गई, जिससे गांव में शोक की लहर फैल गई है.
ठेके पर लिया था काम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोगों ने हाल ही में आयोजित एक शादी समारोह में बर्तन धोने और साफ-सफाई का काम ठेके पर लिया था. समारोह 9 और 10 जनवरी को संपन्न हुआ था. कार्यक्रम खत्म होने के बाद सफाई में उपयोग किया गया एक तरल पदार्थ वे अपने घर ले आए. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह पदार्थ खाना गर्म करने या सफाई के काम में इस्तेमाल होने वाला फ्यूल था.
बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात घर पर मौजूद चारों लोगों ने उसी तरल को शराब समझकर पी लिया. सेवन के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. उन्हें उल्टी, पेट में तेज दर्द और घबराहट की शिकायत हुई. हालात बिगड़ते देख परिजन तत्काल उन्हें गंगापुर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे.
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया. एक युवक की स्थिति अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. कुल चार लोगों की मौत हो गई.
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान रतन पुत्र मसरिया कंजर निवासी माधोपुर, सुशीला देवी, जमनी देवी पत्नी शंकर कंजर और बदामी देवी कंजर के रूप में हुई है. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे.
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया. जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है.
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित तरल पदार्थ कहां से खरीदा गया था और उसे किस उद्देश्य से रखा गया था. जिस दुकान से यह सामग्री ली गई थी, वहां भी जांच की जा रही है. साथ ही आबकारी विभाग को भी सूचना देकर मामले की विस्तृत पड़ताल शुरू कर दी गई है.


