IND vs PAK: भारत या पाकिस्तान, T20 World Cup में अब तक किसको मिली है ज्यादा जीत? देखें हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

भारत और पकिस्तान के बीच टी20 मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला है. इस धमाकेदार मुकाबले से पहले जान लीजिए कि किसका पलड़ा भारी होने वाला हैं. रिकॉर्डस क्या कहते हैं.

Sonee Srivastav

IND vs PAK: क्रिकेट फैंस के लिए सबसे बड़ा रोमांच अब बस दो दिन दूर है. टी20 विश्व कप (ICC T20 World Cup 2026) में भारत और पाकिस्तान की टीमें 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भिड़ेंगी. मैच शुरू होने से पहले आइए देखें टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, जहां आंकड़े भारत के पक्ष में बोलते हैं.

टी20 वर्ल्ड कप में भारत का दबदबा

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान अब तक कुल 8 मैच खेल चुके हैं. इनमें से भारत ने 7 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को महज 1 जीत मिली है. यह आंकड़ा दिखाता है कि बड़े टूर्नामेंट में भारत ने पाकिस्तान पर लगातार बढ़त बनाए रखी है.

पाकिस्तान की एकमात्र जीत 2021 टी20 वर्ल्ड कप में आई थी. दुबई में खेले गए उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 151 रन बनाए. विराट कोहली ने 57 और ऋषभ पंत ने 39 रन बनाए. जवाब में पाकिस्तान ने बाबर आजम (68*) और मोहम्मद रिजवान (79*) की नाबाद पारियों से 10 विकेट से बड़ी जीत हासिल की, लेकिन उसके बाद से पाकिस्तान भारत को टी20 वर्ल्ड कप में हरा नहीं पाया.

2007 से 2024 तक भारत की लगातार जीत 

2007 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल से लेकर 2024 तक भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ दबाव वाले मैचों में शानदार प्रदर्शन किया. चाहे वह 2007 का फाइनल हो, जहां भारत ने जीतकर पहला खिताब जीता या फिर हाल के कम स्कोर वाले रोमांचक मुकाबले, भारत ने हमेशा बेहतर क्रिकेट खेला. 2022, 2024 जैसे मैचों में भारत ने पाकिस्तान को हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की.

कुल टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड

टी20 इंटरनेशनल मैचों में दोनों टीमों के बीच अब तक 16 मुकाबले हुए हैं. भारत ने 13 जीते, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 जीत मिली. यह रिकॉर्ड भी भारत की मजबूती दिखाता है, खासकर बड़े मौकों पर. 

कोलंबों में किसकी होगी जीत?

15 फरवरी को होने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए अहम है. भारत इस जीत के साथ अपना दबदबा जारी रखना चाहेगा, जबकि पाकिस्तान उस 2021 वाली जीत को दोहराने की कोशिश करेगा, लेकिन आंकड़े साफ कहते हैं टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पलड़ा पहले भी और अब भी भारी है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag