विरोध करने वालों को कान पकड़कर बाहर कर देना चाहिए...बजट सत्र के दौरान विधानसभा में बोले CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी विधानसभा में राष्ट्रवाद की हुंकार भरते हुए स्पष्ट किया कि वंदेमातरम का अपमान करने वालों को देश की मिट्टी पर रहने का हक नहीं है. उन्होंने राज्य की बढ़ती अर्थव्यवस्था और सुदृढ़ कानून व्यवस्था का खाका पेश किया.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए राष्ट्रवाद और विकास के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों के माफिया प्रेम और तुष्टीकरण की राजनीति को राज्य की बदहाली का मुख्य कारण बताया. सीएम ने सदन में पहली बार प्रस्तुत हुए आर्थिक सर्वेक्षण को नए युग का उद्घोष करार दिया. उनके संबोधन में माफियाओं के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' और यूपी को देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प साफ दिखाई दिया.

वंदेमातरम पर CM योगी का सख्त रुख

आपको बता दें कि सदन में चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रवाद पर अपनी बात बेबाकी से रखी. उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी या महत्वपूर्ण कार्यक्रम में वंदेमातरम का अपमान कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसा करने वालों को तत्काल बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए. योगी ने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि जो लोग बाबर को अपना आदर्श मानते हैं और माफियाओं की कब्र पर माथा टेकते हैं, वे कभी देश की सांस्कृतिक मर्यादा का सम्मान नहीं कर पाएंगे.

माफिया राज से मुक्त होकर उत्सव प्रदेश बन चुका

योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश और आज के हालातों की तुलना करते हुए बताया कि कैसे राज्य अब माफिया राज से मुक्त होकर 'उत्सव प्रदेश' बन चुका है. उन्होंने कहा कि पहले त्योहारों पर दंगों की आशंका रहती थी, लेकिन अब आस्था का माहौल है. सीएम ने विपक्षी नेताओं को याद दिलाया कि उनके समय में पुलिस का मनोबल टूटा हुआ था, जबकि आज अपराधी अपनी जान की भीख मांगते हैं और आम नागरिक पूरी तरह सुरक्षित महसूस करता है.

शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में जगह बना चुका UP

यूपी की बढ़ती आर्थिक ताकत पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश अब देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बना चुका है. उन्होंने कहा कि सदन में पेश हुआ आर्थिक सर्वेक्षण इस बात का प्रमाण है कि यूपी अब भारत के विकास का मुख्य इंजन बन गया है. सीएम ने माता प्रसाद पांडेय के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में युवाओं के सामने पहचान का संकट था, लेकिन आज का उत्तर प्रदेश आत्मविश्वास से भरा हुआ है.

पुलिस विभाग में रिकॉर्ड भर्तियां 

सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाए हैं. योगी ने बताया कि 2 लाख 19 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है, जिसमें बिना किसी भेदभाव के हर जनपद के नौजवानों को अवसर मिला है. विशेष रूप से 44 हजार से अधिक महिलाओं की भर्ती ने विभाग को और सशक्त बनाया है. पुलिस प्रशिक्षण की क्षमता को कई गुना बढ़ाकर आधुनिक बैरक और हाई-राइज बिल्डिंगों का निर्माण कर जवानों की कार्यप्रणाली में आमूलचूल बदलाव लाया गया है.

टेंपल इकोनॉमी पर बोले CM योगी 

अयोध्या, काशी और मथुरा के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए सीएम ने 'टेंपल इकोनॉमी' की सफलता पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है, जो इस बात का प्रतीक है कि लोग अब भयमुक्त होकर तीर्थ यात्रा कर रहे हैं. राजा सुहेलदेव और अहिल्याबाई होल्कर जैसे महान प्रतीकों को सम्मान देकर सरकार ने उन सांस्कृतिक बंधनों को तोड़ दिया है, जिन्हें पिछली सरकारों ने तुष्टीकरण के कारण लगा रखा था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag