तारिक रहमान की बांग्लादेश में ऐतिहासिक जीत, PM मोदी की बधाई पर BNP ने दिया ये जवाब

बांग्लादेश में हुए संसदीय चुनाव में बीएनपी ने बड़ी जीत हासिल की है, इस जीत से तारिक रहमान प्रधानमंत्री बनने की ओर बढ़ रहे हैं. पीएम मोदी ने खुद इस जीत की बधाई दी, जिसके बाद बीएनपी का पहला प्रतिक्रिया सामने आया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: बांग्लादेश के हालिया संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने बड़ी जीत हासिल की है. पार्टी ने 200 से ज्यादा सीटें जीती और तारिक रहमान प्रधानमंत्री बनने की ओर बढ़ रहे हैं. यह चुनाव 2024 की छात्र आंदोलन के बाद पहला बड़ा चुनाव था.

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तुरंत तारिक रहमान को बधाई दी. अब बीएनपी की तरफ से इस पर पहली प्रतिक्रिया आई है, जिसमें भारत और मोदी के प्रति सकारात्मक संदेश दिया गया है.

पीएम मोदी की बधाई संदेश

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "मैं तारिक रहमान को बीएनपी के नेतृत्व में बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में निर्णायक जीत पर हार्दिक बधाई देता हूं. यह जीत बांग्लादेश की जनता के आपके नेतृत्व में विश्वास को दिखाती है." 

उन्होंने आगे कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के साथ हमेशा खड़ा रहेगा. मोदी ने दोनों देशों के बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने और साझा विकास लक्ष्यों पर मिलकर काम करने की इच्छा जताई.

बीएनपी नेता नजरुल इस्लाम खान की प्रतिक्रिया

बीएनपी की राष्ट्रीय स्थायी समिति के सदस्य और वरिष्ठ नेता नजरुल इस्लाम खान ने मीडिया से बातचीत में पीएम मोदी का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा, "पीएम मोदी ने बांग्लादेश की जनता के जनादेश को स्वीकार किया है. हम उनका धन्यवाद करते हैं। यह अच्छी बात है कि लोकतांत्रिक देश जनादेश का सम्मान करते हैं."

खान ने उम्मीद जताई कि तारिक रहमान के नेतृत्व में दोनों पड़ोसी देशों और उनके लोगों के बीच संबंध और मजबूत होंगे. उन्होंने कहा, "हमारे नेता तारिक रहमान को बधाई देने के लिए पीएम मोदी का शुक्रिया."

जीत पर बीएनपी की खुशी

नजरुल इस्लाम खान ने पार्टी की जीत पर खुशी जताई. उन्होंने बताया कि बीएनपी ने 292 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और सभी जीतने की उम्मीद थी. हालांकि, वे काफी हद तक संतुष्ट हैं.

उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों की तुलना में इस बार हिंसा और नुकसान बहुत कम रहा. "अल्लाह की मेहरबानी से हताहत कम हुए, नुकसान भी कम हुआ. यह बड़ी उपलब्धि है."

भारत के प्रति तारिक रहमान का संतुलित रुख

बीएनपी का भारत के प्रति रुख ऐतिहासिक रूप से जटिल रहा है, लेकिन तारिक रहमान की वापसी के बाद यह बदल रहा है. तारिक रहमान 'बांग्लादेश फर्स्ट' की नीति पर जोर देते हैं.

उन्होंने कहा है कि न भारत की तरफदारी, न पाकिस्तान की सिर्फ बांग्लादेश पहले. वे आपसी सम्मान, समानता और लाभ पर आधारित संबंध चाहते हैं. यह बयान दोनों देशों के लिए सकारात्मक संकेत है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag