लखनऊ में तेज रफ्तार कार बनी काल... 12वीं के छात्र ने पांच लोगों को कुचला, 6 साल के मासूम की मौत

लखनऊ में फेयरवेल से लौट रहे 12वीं के छात्र की तेज रफ्तार कार टायर फटने के बाद बेकाबू हो गई. हादसे में छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए. आरोपी छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

Shraddha Mishra

राजधानी: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. 12वी के छात्र की लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली और कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. तेज रफ्तार कार का कहर ऐसा था कि सड़क पर मौजूद लोग संभल भी नहीं पाए और देखते ही देखते सब कुछ बदल गया.

यह दर्दनाक दुर्घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे हुई. कक्षा 12 का छात्र गौरव सिंह अपने दोस्त के साथ कार में अपनी फेयरवेल पार्टी से लौट रहा था. बताया जा रहा है कि कार का एक टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया. तेज रफ्तार होने के कारण कार चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे एक खड़ी बाइक से जा टकराई.

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कार पहले सड़क किनारे खड़ी दोपहिया वाहन से टकराती है. बाइक पर बैठे व्यक्ति को जोरदार झटका लगा और वह गिर पड़ा. इसके बाद कार पूरी तरह अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे खड़े लोगों की ओर बढ़ गई.

एक मासूम की मौत, चार लोग घायल

कार ने वहां मौजूद अरमान, साधना पटेल, उनकी मां मीना देवी और साधना के छह साल के बेटे दिक्षान्त को टक्कर मार दी. हादसे के बाद कार एक ई-रिक्शा और फिर ऑटो से भी जा भिड़ी. इस टक्कर में ई-रिक्शा चालक अवध बिहारी भी घायल हो गए. हादसे के समय सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. 

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी. गंभीर रूप से घायल दिक्षान्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दिक्षान्त केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 2 का छात्र था. उसकी मौत की खबर से परिवार और मोहल्ले में मातम छा गया.

आरोपी छात्र गिरफ्तार

हादसे के बाद छात्र और उसका दोस्त कार छोड़कर मौके से फरार हो गए. हालांकि पुलिस ने बाद में वाहन को जब्त कर लिया और आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया. लखनऊ के एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पीड़ित परिवारों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag