वाराणसी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मची अफरा-तफरी, तमिलनाडु से आया ईमेल

वाराणसी में जिला जज को एक धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया. संदेश में दावा किया गया कि दोपहर एक बजे के आसपास वाराणसी कचहरी समेत कई न्यायालय परिसरों में सिलसिलेवार 18 धमाके किए जाएंगे.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

शुक्रवार सुबह वाराणसी में उस समय हड़कंप मच गया जब जिला जज को एक धमकी भरा ईमेल मिला. संदेश में दावा किया गया कि दोपहर एक बजे के आसपास वाराणसी कचहरी समेत कई न्यायालय परिसरों में सिलसिलेवार 18 धमाके किए जाएंगे. मेल में प्रयागराज स्थित इलाहाबाद हाईकोर्ट और अन्य जिलों की अदालतों का भी उल्लेख था. 

कचहरी परिसर को कराया गया खाली 

सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और एहतियातन कचहरी परिसर को खाली कराया जाने लगा. इसी दौरान एक लावारिस अटैची मिलने से अफरा-तफरी और बढ़ गई, जिसे बम निरोधक दस्ते ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. कचहरी के साथ कलक्ट्रेट और रजिस्ट्री कार्यालयों को भी खाली कराया गया. मेल में नाम आने के कारण अयोध्या की अदालतों में भी सुरक्षा जांच तेज कर दी गई.

पुलिस सूत्रों के अनुसार ईमेल कथित रूप से तमिलनाडु निवासी सुनिया डासन नाम के व्यक्ति की आईडी से भेजा गया है. संदेश में केवल धमाकों की चेतावनी ही नहीं, बल्कि तमिलनाडु सरकार और मीडिया के कथित गठजोड़ को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं. मेल में दावा किया गया है कि वर्ष 2021 तक मीडिया को कमजोर करने की साजिश रची गई और कुछ प्रमुख पत्रकारों को अपने पक्ष में करने की कोशिश की गई.

धमकी भरे संदेश में जताई गई नाराजगी 

धमकी भरे संदेश में मीडिया प्रबंधन को लेकर तीखी नाराजगी जताई गई है. भेजने वाले ने आरोप लगाया कि चर्चित पत्रकारों को प्रभावित करने के लिए अनैतिक तरीकों का सहारा लिया जा रहा है. यहां तक कि नाबालिग लड़कियों के इस्तेमाल जैसे सनसनीखेज दावे भी किए गए हैं. मेल में एक विश्वविद्यालय की प्रोफेसर और कुछ स्थानीय असामाजिक तत्वों की कथित संलिप्तता का जिक्र करते हुए आठ पत्रकारों के नाम और लड़कियों की उम्र तक लिखी गई है. आरोपी ने व्यवस्था के खिलाफ अपने आक्रोश को संभावित धमाकों से जोड़ते हुए चेतावनी दी है.

ईमेल मिलते ही वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता सक्रिय हो गया. अदालत परिसर में मौजूद वादकारियों और अधिवक्ताओं को सुरक्षित बाहर निकालकर हर कोने की सघन तलाशी ली जा रही है. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं.

साइबर सेल ईमेल के स्रोत की जांच में जुटी है और तमिलनाडु पुलिस से भी संपर्क किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इसे शरारती या मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति की हरकत माना जा रहा है. फिर भी धमकी की गंभीरता को देखते हुए कोई जोखिम नहीं लिया जा रहा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag