बिहार: पति के साथ रोज डे मनाना महिला को पड़ा भारी, वीडियो वायरल होने के बाद घर पहुंची पुलिस

बिहार के मुंगेर में रोज डे पर पति को वाइन देने का वीडियो वायरल होने के बाद कंचन देवी पर केस दर्ज हुआ. शराबबंदी और पिस्तौल प्रदर्शन के आरोप में पुलिस ने छापेमारी कर जांच शुरू कर दी है.

Shraddha Mishra

मुंगेर(बिहार): सोशल मीडिया पर एक छोटा सा वीडियो कभी-कभी बड़ी परेशानी खड़ी कर देता है. बिहार के मुंगेर में रहने वाली महिला को भी एक रील बनाकर पोस्ट करना भारी पड़ गया. ‘रोज डे’ के मौके पर बनाया गया उनका वीडियो वायरल क्या हुआ, पुलिस उनके दरवाजे तक पहुंच गई. वजह थी- बिहार में लागू सख्त शराबबंदी कानून.

मुंगेर जिले की रहने वाली कंचन देवी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं. इंस्टाग्राम पर उनके करीब तीन लाख फॉलोअर्स बताए जाते हैं. 7 फरवरी को उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह अपने पति को पहले गुलाब देती नजर आती हैं और फिर उन्हें वाइन की बोतल और गिलास थमाती हैं. 

पिस्तौल के साथ दूसरा वीडियो

वीडियो में उनके पति मुस्कुराते हुए गिलास लेते दिखाई देते हैं. कंचन की यह वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर तेजी से फैल गया. कई लोगों ने इसे रोमांटिक अंदाज में देखा, लेकिन कुछ यूजर्स ने इसे बिहार की शराबबंदी के नियमों के उल्लंघन के रूप में लिया. जिसके बाद देखते ही देखते मामला बिहार पुलिस तक पहुंच गया.

मामला यहीं तक सीमित नहीं रहा. कंचन देवी का एक और वीडियो सामने आया, जिसमें वह एक ब्यूटी पार्लर में पिस्तौल के साथ पोज देती दिखाई दे रही हैं. इस वीडियो ने पुलिस की चिंता और बढ़ा दी. सार्वजनिक स्थान पर हथियार दिखाना कानूनन गलत माना जाता है, खासकर जब उसका लाइसेंस या वैधता स्पष्ट न हो.

पुलिस की कार्रवाई

मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही एक जांच टीम बनाई गई. टीम ने कंचन देवी के घर पर छापा मारा. जांच के दौरान पता चला कि वीडियो में दिख रही पिस्तौल दीनदयाल चौक निवासी विशाल कुमार की है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिहार में शराब का प्रचार या सेवन करना कानून के खिलाफ है. साथ ही सार्वजनिक रूप से हथियार का प्रदर्शन भी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है. इन दोनों मामलों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने कंचन देवी और विशाल कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag