सलमान खान ने सोनाक्षी के साथ गणेश विसर्जन पर किया डांस, देखें Video
गणेश चतुर्थी की धूम के बीच फिल्मी गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा सलमान खान और उनके परिवार के जश्न की रही. विसर्जन के दौरान सलमान ने सोनाक्षी के साथ जमकर डांस किया.

Salman danced with Sonakshi: मुंबई में गणेश चतुर्थी की धूम के बीच बॉलीवुड कलाकार भी बप्पा के विसर्जन में पूरी श्रद्धा और उत्साह से शामिल हुए. गुरुवार शाम फिल्मी गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा सलमान खान और उनके परिवार के जश्न की रही. हर साल की तरह इस बार भी सलमान की बहन अर्पिता खान शर्मा के घर गणपति बप्पा का आगमन हुआ और डेढ़ दिन की पूजा-अर्चना के बाद धूमधाम से विसर्जन किया गया.
बप्पा के भजनों पर थिरकते नजर आए सलमान
इस मौके पर सलमान खान ने अपने परिवार और करीबियों के साथ मिलकर न सिर्फ परंपरा निभाई बल्कि डांस कर माहौल को और खास बना दिया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सलमान बप्पा के भजनों और गानों पर थिरकते नजर आए. उनके साथ अर्पिता, भांजे-भांजी और बाकी खान परिवार भी पूरी श्रद्धा से शामिल हुए. खास बात यह रही कि सलमान की फिल्म दबंग की ऑनस्क्रीन पार्टनर सोनाक्षी सिन्हा भी अपने पति जहीर इकबाल के साथ मौजूद थीं. यह स्टार कपल भी बप्पा की विदाई पर डांस करते दिखा और फैंस ने दोनों की झलकियों को खूब पसंद किया.
गणेश विसर्जन के दौरान सलमान का लुक भी चर्चा में रहा. उन्होंने कैज़ुअल अंदाज में जींस और ग्रे टी-शर्ट पहनी थी. वीडियो में सलमान को अपने छोटे भांजे के कानों को तेज आवाज से बचाते हुए भी देखा गया, जिसने फैंस का दिल जीत लिया. विसर्जन से पहले सलमान ने गणेश चतुर्थी की शुरुआत का वीडियो भी साझा किया था, जिसमें वह अपने माता-पिता के साथ आरती करते दिखाई दे रहे थे. इस पूरे आयोजन में खान परिवार के लगभग सभी सदस्य मौजूद रहे.
पिछली बार सिकंदर में नजर आए थे सलमाान
फिल्मी करियर की बात करें तो 59 वर्षीय सलमान खान पिछली बार सिकंदर में नजर आए थे. हालांकि, फिल्म को उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली और इसे बॉक्स ऑफिस पर निराशाजनक प्रतिक्रिया झेलनी पड़ी. न केवल इसकी कहानी बल्कि सलमान की परफॉर्मेंस को भी दर्शकों ने खास सराहा नहीं. इसके बावजूद सलमान एक बार फिर नए जोश के साथ पर्दे पर वापसी की तैयारी में जुटे हैं.
आने वाले समय में सलमान अपूर्व लखिया के निर्देशन में बन रही बैटल ऑफ गलवान में दिखाई देंगे. इस फिल्म में वह कर्नल संतोष बाबू की भूमिका निभाने वाले हैं, जिन्होंने 2020 में गलवान घाटी में भारतीय सेना का नेतृत्व किया था. यह पहली बार होगा जब सलमान किसी वास्तविक जीवन के हीरो का किरदार निभाएंगे. इस प्रोजेक्ट को लेकर उनके प्रशंसकों में काफी उत्साह है.


