वैलेंटाइन डे पर शाहिद-तृप्ति की ‘ओ रोमियो’ ने मचाया तहलका, 45% उछाल के साथ तोड़े रिकॉर्ड
शाहिद कपूर और त्रिप्ति डिमरी की रोमांटिक फिल्म ओ रोमियो ने वैलेंटाइन डे पर धमाल मचा दिया.पहले दिन 8.50 करोड़ की कमाई के बाद दूसरे दिन इसने 12.25 करोड़ रुपये बटोरे. यानी करीब 45% की शानदार बढ़ोतरी,दर्शकों का प्यार देख फिल्म तेजी से आगे बढ़ रही है.

वैलेंटाइन डे का जादू बॉक्स ऑफिस पर साफ नजर आया है. शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की रोमांटिक एक्शन थ्रिलर 'ओ रोमियो' ने रिलीज के दूसरे दिन जबरदस्त प्रदर्शन किया. पहले दिन की ठोस शुरुआत के बाद शनिवार को फिल्म की कमाई में करीब 45 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज हुई, जिससे यह वैलेंटाइन वीकेंड पर दर्शकों की पहली पसंद बनकर उभरी.
13 फरवरी को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन 8.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. दूसरे दिन यह आंकड़ा बढ़कर 12.25 करोड़ रुपये पहुंच गया, जिससे दो दिनों का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 20.75 करोड़ रुपये हो गया. ट्रेड एक्सपर्ट्स इस उछाल को वैलेंटाइन डे और रोमांस-एक्शन के मिश्रण का परिणाम मान रहे हैं.
हिंदी ऑक्यूपेंसी में शाम-रात का दबदबा
निवार को फिल्म की कुल हिंदी ऑक्यूपेंसी 23.26 प्रतिशत रही. सुबह के शो में 10.24 प्रतिशत दर्शक पहुंचे, जो दोपहर में बढ़कर 22.13 प्रतिशत हो गई. शाम के शो में 26.79 प्रतिशत और रात की स्क्रीनिंग में 33.87 प्रतिशत तक पहुंच गई. यह आंकड़े साफ बताते हैं कि शाम और रात के शो में युवा दर्शकों की दिलचस्पी सबसे ज्यादा रही.
बॉक्स ऑफिस पर मजबूत मुकाबला
फिल्म को शनाया कपूर और आदर्श गौरव की 'तू या मैं' से कड़ी टक्कर मिली, लेकिन 'ओ रोमियो' ने अपनी पकड़ बनाए रखी और ओपनिंग वीकेंड में स्थिरता दिखाई. निर्देशक विशाल भारद्वाज की यह शाहिद कपूर के साथ चौथी फिल्म है. पहले उन्होंने 'कमीने', 'हैदर' और 'रंगून' में साथ काम किया था. इस बार कहानी रोमांटिक एक्शन थ्रिलर के रूप में पेश की गई है, जिसमें तृप्ति डिमरी अहम भूमिका में हैं.
स्टार कास्ट और कहानी का आधार
फिल्म में नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, दिशा पटानी, फरीदा जलाल और विक्रांत मैसी जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आ रहे हैं. साजिद नाडियाडवाला के बैनर तले बनी यह फिल्म हुसैन जैदी की किताब 'माफिया क्वींस ऑफ मुंबई' से प्रेरित है. प्रिंसिपल फोटोग्राफी जनवरी 2025 में शुरू हुई और शूटिंग का बड़ा हिस्सा मुंबई व स्पेन में हुआ. इंडस्ट्री रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म की लागत 120 से 150 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है.


