IND vs PAK मैच से पहले सूर्यकुमार यादव ने कॉपी किया उस्मान तारिक का स्टाईल, वायरल हुआ वीडियो

भारत-पाक मैच से पहले कोलंबो में अभ्यास के दौरान सूर्यकुमार यादव ने उस्मान तारिक के एक्शन की नकल कर तैयारी की. अभिषेक शर्मा फिट हो चुके हैं, जबकि स्पिन संयोजन को लेकर चयन में दुविधा बनी हुई है.

Shraddha Mishra

भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले कोलंबो का माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है. मैच से एक दिन पहले जब टीम इंडिया आर. प्रेमदासा स्टेडियम में अभ्यास के लिए उतरी, तो खिलाड़ियों का फोकस सिर्फ अपनी तैयारी पर ही नहीं बल्कि पाकिस्तान के रहस्यमयी स्पिनर उस्मान तारिक पर भी था. नेट्स के दौरान एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खुद गेंदबाजी करते हुए तारिक के एक्शन की नकल की. उन्होंने हल्का सा रुककर साइड एंगल से गेंद फेंकी, जिससे बल्लेबाज रिंकू सिंह को अभ्यास कराया गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

सूर्यकुमार का खास तरीका

सूर्यकुमार का उस्मान तारिक के एक्शन की नकल करना यह दिखाता है कि टीम ने विपक्षी गेंदबाज को गंभीरता से लिया है, लेकिन डर की कोई बात नहीं है. अगर भारतीय खेमे में घबराहट होती तो कोचिंग स्टाफ भी लगातार उसी तरह के एक्शन से गेंदबाजी कराता. यह अभ्यास ज्यादा एक रणनीतिक तैयारी और हल्के-फुल्के अंदाज का मिश्रण था. शनिवार को भारतीय टीम का अभ्यास सत्र बारिश से थोड़ा प्रभावित जरूर हुआ, लेकिन खिलाड़ियों का उत्साह कम नहीं दिखा. मैच के दिन भी बारिश की संभावना जताई गई है, फिर भी उम्मीद है कि मुकाबला पूरा खेला जाएगा. 

अभिषेक की वापसी से टीम होगी मजबूत

भारतीय टीम के लिए राहत की खबर यह है कि सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पूरी तरह फिट हो चुके हैं. वे शनिवार को नेट्स में लंबे समय तक बल्लेबाजी करते नजर आए. कप्तान ने भी साफ कर दिया है कि वे पाकिस्तान के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं. ऐसे में संजू सैमसन को बाहर बैठना पड़ सकता है.

स्पिन या पेस? चयन पर होगी नजर

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में जगह मिलेगी. कोलंबो की पिच को स्पिनरों के लिए मददगार माना जा रहा है. हाल ही में इसी मैदान पर खेले गए ऑस्ट्रेलिया बनाम जिम्बाब्वे मैच में स्पिन ने अहम भूमिका निभाई थी. ऐसे में अर्शदीप सिंह की जगह कुलदीप को मौका देना टीम के लिए फायदेमंद हो सकता है.

हरभजन सिंह ने भी जी राय

पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने भी उस्मान तारिक की तारीफ की है. उन्होंने कहा कि आईएलटी20 में तारिक का प्रदर्शन शानदार रहा है और बड़े मैचों में उन्होंने खुद को साबित किया है. हरभजन के अनुसार, उनका ‘रुककर गेंद डालने’ वाला अंदाज आसान नहीं है और उनकी विविधताएं उन्हें खास बनाती हैं. बड़े मैदान और धीमी पिच पर उन्हें खेलना चुनौतीपूर्ण हो सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो