एज-शेमिंग पर भड़कीं शमिता शेट्टी, बोली- 'शादी करके कौन सा तीर मार लिया?' प्रोफाइल शेयर कर ट्रोलर को सुनाई खरी-खोटी

बॉलीवुड अभिनेत्री शमिता शेट्टी ने उम्र और शादी को लेकर ट्रोल करने वाले एक सोशल मीडिया यूजर को करारा जवाब दिया है. इंस्टाग्राम स्टोरी पर ट्रोल की प्रोफाइल शेयर करते हुए उन्होंने एज-शेमिंग और महिलाओं पर तंज कसने वालों को खुलकर लताड़ा.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री शमिता शेट्टी एक बार फिर सोशल मीडिया पर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. उम्र और शादी को लेकर लगातार ताने मार रहे एक ट्रोल को इस बार एक्ट्रेस ने खुलकर जवाब दिया और उसकी प्रोफाइल तक सोशल मीडिया पर शेयर कर दी.

शमिता शेट्टी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए उस यूजर को न सिर्फ फटकार लगाई, बल्कि एज-शेमिंग और महिलाओं की पर्सनल लाइफ पर टिप्पणी करने वालों को भी करारा संदेश दिया. सोशल मीडिया पर अब लोग उनके इस कदम की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

ट्रोल ने उम्र और शादी को लेकर किए थे कमेंट

बताया जा रहा है कि एक यूजर लंबे समय से शमिता शेट्टी की पोस्ट्स पर उनकी उम्र और शादी को लेकर भद्दे कमेंट कर रहा था. इस बार अभिनेत्री ने चुप रहने के बजाय उसे जवाब देने का फैसला किया.

उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उस व्यक्ति की प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट साझा किया, जिसका नाम पंकज मित्तल बताया गया.

शमिता ने दिया मुंहतोड़ जवाब

शमिता ने ट्रोल को जवाब देते हुए लिखा, "मैं इस शानदार मौके का फायदा उठाकर आपके इन 'शानदार' कमेंट्स का जवाब देना चाहती हूं. आपका कहना है कि 'आपकी उम्र हो गई है, अब पहले वाली बात नहीं रही.' तो हां, जाहिर सी बात है कि मैं अब अलग दिखूंगी. समय के साथ चीजें बदलती हैं और यह जिंदगी का एक बिल्कुल कुदरती तरीका है. इस दुनिया में कोई भी चीज हमेशा के लिए एक जैसी नहीं रहती, जिसमें हमारी शारीरिक बनावट भी शामिल है! लेकिन, अपनी आज की उम्र के हिसाब से मैं पूरी तरह सेहतमंद, फिट और खुश हूं. भगवान ने मुझे जो कुछ भी दिया है, उसके लिए मैं दिल से शुक्रगुजार हूं और मेरे लिए बस यही बात सबसे ज्यादा मायने रखती है."

शादी को लेकर टिप्पणी पर भड़कीं अभिनेत्री

ट्रोल ने अभिनेत्री की शादी को लेकर भी टिप्पणी की थी. उसने लिखा था कि अगर उन्होंने समय पर शादी कर ली होती तो आज उनके बच्चे बड़े हो गए होते.

इस पर शमिता ने तीखे अंदाज में जवाब दिया, "तो? हां, आपने तो वही बात कह दी जो सबको पता है... पर इससे क्या? भाई, आपने शादी करके आखिर कौन सा तीर मार लिया है? सबसे जरूरी बात तो यह है कि आप हम जैसी सिंगल औरतों को सोशल मीडिया पर फॉलो ही क्यों करते हैं? सिर्फ इसलिए ताकि आप हमें हमारी उम्र को लेकर ताने मार सकें और अपनी पितृसत्तात्मक, पुराने जमाने वाली सोच हम पर थोप सकें! प्लीज, मुझ पर एक एहसान कीजिए और मुझे अभी के अभी अनफॉलो कर दीजिए."

एज-शेमिंग के खिलाफ मजबूत संदेश

फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर अभिनेत्रियों को एक उम्र के बाद सोशल मीडिया पर एज-शेमिंग और निजी जिंदगी को लेकर तानों का सामना करना पड़ता है.

ऐसे माहौल में शमिता शेट्टी ने जिस तरह खुलकर जवाब दिया, उसे सोशल मीडिया पर काफी समर्थन मिल रहा है. कई लोग इसे ट्रोलिंग के खिलाफ एक मजबूत कदम बता रहे हैं.

फिल्मों और टीवी में रहा शानदार सफर

47 वर्षीय शमिता शेट्टी लंबे समय से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का चर्चित चेहरा रही हैं. उन्होंने शाहरुख खान की फिल्म 'मोहब्बतें' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था.

इसके बाद वह 'मेरे यार की शादी है' और 'जहर' जैसी फिल्मों में नजर आईं. फिल्मों के अलावा उन्होंने टीवी की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई.

शमिता 'बिग बॉस 3', 'झलक दिखला जा 8', 'फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 9' और 'बिग बॉस 15' जैसे लोकप्रिय रियलिटी शोज का हिस्सा रह चुकी हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो