11 साल बाद शिल्पा शिंदे का चौंकाने वाला खुलासा, बोलीं- 'सेक्शुअल हैरेसमेंट का केस झूठा था'
टीवी एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे ने 11 साल बाद 'भाभीजी घर पर हैं' विवाद पर बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने स्वीकार किया कि शो छोड़ने के बाद प्रोड्यूसर पर लगाया गया सेक्शुअल हैरेसमेंट का आरोप पूरी तरह सच नहीं था. भारती सिंह के पॉडकास्ट में शिल्पा ने उस दौर के दबाव, कानूनी लड़ाई और अपने संघर्ष के बारे में खुलकर बात की.

नई दिल्ली: टीवी इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने अपने करियर के सबसे विवादित अध्याय को लेकर बड़ा खुलासा किया है. लोकप्रिय शो 'भाभीजी घर पर हैं' छोड़ने के बाद शुरू हुए विवाद पर 11 साल बाद पहली बार खुलकर बोलते हुए उन्होंने कई अहम बातें साझा कीं.
भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट 'भारती टीवी' में बातचीत के दौरान शिल्पा शिंदे ने बताया कि उस दौर में उन पर भारी मानसिक दबाव था. इसी बातचीत में उन्होंने स्वीकार किया कि प्रोड्यूसर के खिलाफ दर्ज कराया गया सेक्शुअल हैरेसमेंट का मामला पूरी तरह सच नहीं था.
'भाभीजी घर पर हैं' के बाद बिगड़े रिश्ते
शिल्पा शिंदे ने बताया कि शो की सफलता के बावजूद उनके और प्रोडक्शन हाउस के बीच मतभेद बढ़ने लगे थे. उनके मुताबिक, उन पर एक ऐसा एक्सक्लूसिव कॉन्ट्रैक्ट साइन करने का दबाव बनाया जा रहा था, जिसके बाद वह किसी अन्य प्रोजेक्ट में काम नहीं कर सकती थीं.
एक्ट्रेस का कहना है कि जब उन्होंने इस शर्त को मानने से इनकार किया तो उन्हें दबाव में लाने की कोशिश की गई. उन्होंने कहा, "मुझे कहा गया कि अगर तुमने हमारी बात नहीं मानी तो हम तुम्हें घर बैठा देंगे. तुम्हें कहीं काम नहीं मिलेगा."
'अचानक कहा गया कि कल से शूट नहीं है'
शिल्पा के अनुसार, उन्हें शो से हटाने की तैयारी पहले ही कर ली गई थी. उन्होंने बताया कि जिस समय उन्हें छुट्टियां तक नहीं मिलती थीं, उसी दौरान अचानक यह कह दिया गया कि अगले दिन से उनकी शूटिंग नहीं होगी.
उन्होंने कहा, "मेरे 10 दिन के एपिसोड का शूट सिर्फ दो दिन में खत्म कर दिया गया. फिर अखबारों में खबरें छपने लगीं कि मुझे शो से निकाल दिया गया है."
उनका मानना है कि उस समय यह सब उन्हें मानसिक रूप से कमजोर करने और डराने के लिए किया जा रहा था.
करोड़ों रुपये के लीगल नोटिस मिलने का दावा
विवाद बढ़ने के साथ ही मामला कानूनी लड़ाई तक पहुंच गया. शिल्पा ने दावा किया कि उन्हें भारी रकम के लीगल नोटिस भेजे गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई.
उन्होंने कहा, "अगर मैं मानसिक रूप से मजबूत नहीं होती तो शायद टूट जाती. मुझे 12 करोड़, 20 करोड़ तक के नोटिस मिल रहे थे. मेरे वकील तक को खरीद लिया गया था. यहां केस चल रहा था और मैंने फोन किया तो वो लंदन में बैठा था."
सेक्शुअल हैरेसमेंट केस को लेकर किया खुलासा
पॉडकास्ट के दौरान शिल्पा शिंदे ने वह बात भी साझा की, जिसने सभी को चौंका दिया. उन्होंने कहा, "आज मैं पहली बार ये बात स्वीकार कर रही हूं. मैंने अपने प्रोड्यूसर पर सेक्शुअल हैरेसमेंट का केस किया था, लेकिन वो झूठ था."
यह कहते हुए वह भावुक भी हो गईं.
'मेरे पास कोई ऑप्शन नहीं बचा था'
शिल्पा ने बताया कि उस समय उन्हें लग रहा था कि उनके लिए सभी रास्ते बंद किए जा रहे हैं. उनके मुताबिक, इसी वजह से उन्होंने वह कदम उठाया.
उन्होंने कहा, "मेरे पास कोई ऑप्शन नहीं बचा था. मैंने शो छोड़ दिया था, लेकिन उसके बाद भी मुझे नहीं छोड़ा जा रहा था. हर तरफ से दबाव बनाया जा रहा था."
एक्ट्रेस के अनुसार, पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के दौरान भी उन्हें बताया गया था कि मामला दर्ज कराने के लिए गंभीर आरोप लगाने होंगे.
समझौते के बाद सामान्य हुए रिश्ते
लंबे समय तक चले विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया. शिल्पा ने बताया कि इसके बाद उनका बकाया भुगतान भी कर दिया गया.
उन्होंने कहा कि समझौते की शर्तों के तहत दोनों पक्षों ने भविष्य में एक-दूसरे के खिलाफ मीडिया में बयान न देने पर सहमति जताई थी.
अब कैसे हैं रिश्ते?
शिल्पा शिंदे ने बताया कि आज उनके और उस प्रोडक्शन टीम के रिश्ते सामान्य हैं. उन्होंने कहा, "आज हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं. उस समय हालात ऐसे थे कि मुझे लड़ना पड़ा. लेकिन अब चीजें बदल चुकी हैं."
11 साल बाद साझा की पूरी कहानी
एक्ट्रेस ने कहा कि वह 11 साल बाद पहली बार इस पूरे विवाद पर विस्तार से बात कर रही हैं. उनके मुताबिक, उस समय उन्हें लगा था कि यदि वह अपनी लड़ाई नहीं लड़ेंगी तो उनका करियर पूरी तरह प्रभावित हो सकता है.
उन्होंने कहा कि उस दौर में लिए गए फैसले परिस्थितियों का परिणाम थे. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें CINTAA की ओर से बैन किया गया था, लेकिन बाद में वह चुनाव जीतकर उसी संगठन की प्रेसिडेंट बनीं.


