Tamil Actor Robo Shankar: साउथ सिनेमा के 46 वर्षीय एक्टर रोबो शंकर का निधन, कमल हासन ने दी भावुक श्रद्धांजलि

साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता और हास्य कलाकार रोबो शंकर का 18 सितंबर को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया. फिल्म की शूटिंग के दौरान अचानक बेहोश होने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. उनके अचानक निधन से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर छा गई है. रोबो शंकर अपने अनोखे अंदाज और हंसी-मजाक से दर्शकों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

Tamil Actor Robo Shankar: तमिल सिनेमा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. अपने बेहतरीन हास्य अभिनय से लाखों दिलों में जगह बनाने वाले मशहूर कॉमेडियन रोबो शंकर का निधन हो गया है. 46 वर्षीय अभिनेता ने चेन्नई के GEM अस्पताल में अंतिम सांस ली. उनके असामयिक निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है.  जानकारी के अनुसार एक फिल्म की शूटिंग के दौरान अचानक बेहोश होने पर उन्हें तुरंत चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लंबे समय से पीलिया की बीमारी से जूझ रहे रोबो शंकर हाल ही में ठीक होकर काम पर लौटे थे लेकिन अचानक बिगड़ी तबीयत के चलते वह इस दुनिया को अलविदा कह गए.

कमल हासन ने दी श्रद्धांजलि

साउथ सुपरस्टार कमल हासन ने रोबो शंकर के निधन पर गहरा शोक जताया. उन्होंने तमिल भाषा में एक्स  पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि रोबो शंकर. रोबो सिर्फ एक निक नाम है. मेरी डिक्शनरी में, तुम एक इंसान हो. तुम मेरे छोटे भाई हो. क्या तुम मुझे छोड़कर चले जाओगे? तुम्हारा काम हो गया, तुम चले गए. मेरा काम अधूरा है. तुम कल हमारे लिए छोड़ गए. इसलिए, कल हमारा है.

कब और कहां होगा अंतिम संस्कार?

रोबो शंकर का पार्थिव शरीर आज रात चेन्नई स्थित उनके आवास पर ले जाया जाएगा. उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा. अंतिम यात्रा में तमिल फिल्म इंडस्ट्री के साथी कलाकार, को-स्टार्स और प्रशंसकों के शामिल होने की संभावना है, जो उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे.

पीलिया से चल रही थी स्वास्थ्य की जंग

हाल के दिनों में रोबो शंकर पीलिया (जॉन्डिस) से जूझ रहे थे. बीमारी के कारण उनका वजन काफी घट गया था, जिससे उनके दुबले-पतले शरीर को देखकर प्रशंसक चिंतित हो गए थे. हालांकि वे स्वस्थ होकर काम पर लौट आए थे और एक कुकिंग रियलिटी शो में भी नजर आए थे लेकिन दुर्भाग्यवश उनका स्वास्थ्य दोबारा बिगड़ गया.

रोबो शंकर का करियर और लोकप्रियता

रोबो शंकर ने अपने करियर की शुरुआत 1997 में की थी और धीरे-धीरे तमिल फिल्मों और टेलीविजन पर एक लोकप्रिय चेहरा बन गए. गांवों में और टीवी शोज के दौरान रोबोट के अंदाज में स्टंट और अभिनय करने के कारण उन्हें 'रोबो' नाम मिला था. उन्होंने रजनीकांत की फिल्म 'पदयप्पा' से लेकर विजय सेतुपति की 'इधारकुठाने आसाइपट्टई बालाकुमारा' तक में शानदार अभिनय किया. इस फिल्म से उन्हें जबरदस्त लोकप्रियता हासिल हुई.

इन फिल्मों में निभाए यादगार किरदार

रोबो शंकर ने तमिल सिनेमा की कई हिट फिल्मों में अभिनय किया जिनमें प्रमुख हैं:-

वायै मूडी पेसावुम, मारी, SI3, वेलैनु वंधुट्टा वेल्लाकरन, कदावुल इरुकान कुमारु, पा पांडी, वेलाइक्करन, विश्वासम, कोबरा, इरुम्बु थिराई, सिंगापुर सैलून

उनकी कॉमिक टाइमिंग, अनोखा स्टाइल और जमीनी अभिनय दर्शकों को खूब भाता था. उनके निधन ने न केवल तमिल सिनेमा को बल्कि पूरे मनोरंजन जगत को गहरे शोक में डाल दिया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag