एक अफवाह, जो पलभर में 18 लोगों की ले गई जान... नई दिल्ली स्टेशन हादसे की भयावह कहानी

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात प्लेटफॉर्म नंबर 13 और 14 पर अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए. रेलवे ने स्थिति को संभालने के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की और उच्चस्तरीय जांच का आदेश दिया है.

Simran Sachdeva

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात प्लेटफॉर्म नंबर 13 और 14 पर उस समय भगदड़ मच गई, जब यात्रियों के बीच प्रयागराज जाने वाली दो ट्रेनों के रद्द होने की अफवाह फैल गई. इस दर्दनाक घटना में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है, और कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है. रेलवे द्वारा स्थिति को संभालने के लिए कई विशेष ट्रेनें चलाई गई.

हादसे के कारण और घटनाक्रम

शनिवार रात ट्रेन के रद्द होने की अफवाह के कारण प्लेटफॉर्म नंबर 13 और 14 पर अफरा-तफरी मच गई.  अफवाह के चलते यात्रियों में भगदड़ की स्थिति बन गई. उत्तर रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर ने बताया कि प्लेटफॉर्म 14 पर मगध एक्सप्रेस और प्लेटफॉर्म 15 पर संपर्क क्रांति ट्रेन खड़ी थीं. इसी दौरान भीड़ ने ट्रेनों के रद्द होने की अफवाह सुनकर तेजी से भागना शुरू किया, जिसके चलते कई यात्री गिर पड़े और ये हादसा हुआ. कुली रिंकू मीणा ने बताया कि ट्रेन के प्लेटफॉर्म बदलने के कारण सीढ़ियों पर बैठे लोग घबराहट में गिर पड़े और उनकी जान चली गई. 

रेलवे की प्रतिक्रिया और कदम

हादसे के बाद रेलवे ने प्लेटफॉर्म पर भीड़ का दबाव कम करने के लिए 4 विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की. इसके साथ ही, रेलवे ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. सरकार ने मरने वाले लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायल यात्रियों को 1 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया. 

यात्रियों की सुविधा

रविवार सुबह 6 बजे तक कुल 71 ट्रेनें चलाई गई, जिनमें 1.60 लाख से ज्यादा यात्री सवार हुए. शनिवार को कुल 339 ट्रेनें चलाई गई, जिनमें 14.76 लाख से ज्यादा यात्रियों ने यात्रा की. रेलवे ने यह भी पुष्टि की कि सभी निर्धारित ट्रेनें अपने नियमित कार्यक्रम के अनुसार चल रही हैं और विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है. 

प्रभाव और संवेदनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर संवेदनाएं व्यक्त करते हुए शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो