जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारतीय सेना ने एक संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया है. भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच सेना ने एलओसी पर निगरानी और चौकसी को और मजबूत कर दिया है. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सैन्य टुकड़ियाँ तैनात की गई हैं और सभी सुरक्षा बलों को सतर्क स्थिति में रखा गया है.
इससे एक दिन पहले रविवार रात को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब के गुरदासपुर जिले में एक 24 वर्षीय पाकिस्तानी युवक को भारतीय सीमा में अवैध रूप से प्रवेश करते समय पकड़ लिया. यह गिरफ्तारी सीमा चौकी साहापुर के पास हुई, जहां बीएसएफ जवानों ने भारतीय इलाके में लगभग 250 मीटर अंदर एक नाले के पास संदिग्ध हरकतें देखीं.
जवानों ने मौके पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की. संदिग्ध व्यक्ति घने जंगल में छिपा हुआ मिला. बीएसएफ की त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) ने सतर्कता दिखाते हुए उसे बिना किसी संघर्ष के गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसकी पहचान पाकिस्तान के गुजरांवाला निवासी हुसैन के रूप में की गई है.
गिरफ्तारी के बाद सुरक्षाबलों को हुसैन के पास से पाकिस्तान की मुद्रा और एक राष्ट्रीय पहचान पत्र मिला. उसे प्रारंभिक पूछताछ के लिए पास की सीमा चौकी पर लाया गया है. अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसके इरादों और भारत में प्रवेश के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है. इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं उसका किसी आतंकी संगठन से संबंध तो नहीं है.
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव पहले से ही चरम पर है. कुछ दिन पहले राजस्थान में भी एक पाकिस्तानी रेंजर को हिरासत में लिया गया था. इसके साथ ही पाकिस्तानी सेना ने भी एक बीएसएफ जवान को पकड़ा था.
इन घटनाओं के बाद सुरक्षाबलों ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है. हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए घातक आतंकी हमले ने भी भारत की सुरक्षा एजेंसियों को अतिरिक्त सतर्क कर दिया है. First Updated : Tuesday, 06 May 2025