अमरनाथ यात्रा से पहले घर बैठे कीजिए बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन

अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले बाबा बर्फानी की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस तस्वीर और वीडियो को देखकर शिवभक्तों में भारी उत्साह है। अमरनाथ यात्रा को लेकर भक्तों की सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

JBT Desk
Edited By: JBT Desk

जम्मू: अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले बर्फ से बने  शिवलिंग यानी बाबा बर्फानी की पहली तस्वीरें सामने आई है। तस्वीरों में साफ-साफ दिख रहा है कि 6-7 फीट का शिवलिंग अपना आकार ले चुका है। तस्वीरों में सुरक्षा में तैनात जवान शिवलिंग के दर्शन कर रहे हैं। आपको बता दें कि अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई 2026 से शुरू होकर 9 अगस्त 2026 तक चलेगी। 

अमरनाथ में क्या है मौजूदा स्थिति 

अमरनाथ के रास्ते में सामान्य जगहों पर 6 से 8 फीट और हिमस्खलन वाले इलाकों में 10 से 12 फीट तक बर्फ जमी हुई है।बालटाल के रास्ते पर 9 किलोमीटर और नुनवान-पहलगाम पर  8 किलोमीटर ट्रैक से बर्फ हटाई जा चुकी है। ट्रैक को 12 फीट चौड़ा करने, सतह सुधारने, रिटेनिंग वॉल और कल्वर्ट बनाने का काम भी लगातार चल रहा है। इस बार बेस कैंप में टेंट की जगह प्री-फैब्रिकेटेड और फाइबर स्ट्रक्चर बनाए जा रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं को आरामदायक और आधुनिक आवास जैसी सुविधा मिल सकेगी। फाइबर स्ट्रक्चर तापमान में अचानक गिरावट और बारिश से निपटने में कारगर रहेंगे। हर इमारत में 48 कमरे हैं। हर कमरे में अटैच्ड वॉशरूम हैं। गर्म ठंडा पानी की सुविधाएं होंगी। इस इमारत में पैंट्री भी बनाई जा रही है। इन जगहों पर तीन साल पहले काम शुरू हुआ था जो अब पूरा होने वाला है। 

बाढ़ वाली जगह पर कैंप नहीं लगाए जाएंगे

इस साल सभी संवेदनशील और आपदा की आशंका वाले स्थानों को तीर्थयात्रियों के लिए नो एंट्री जोन कर दिया गया है। बालटाल और नुनवान रास्तों के दोनों ट्रैक को चौड़ा किया गया है। पुलों को भी बेहतर बनाया गया है। बादल फटने और अचानक बाढ़ की घटनाओं को देखते हुए संवेदनशील जगहों पर कैंप नहीं लगाए जाएंगे।

अमरनाथ यात्रा के लिए कितने हुए रजिस्ट्रेशन ?

इस साल अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक साढ़े तीन लाख से ज्यादा श्रद्धालु रिजस्ट्रेशन करा चुके हैं। यात्रा मार्ग पर अभी भी 10 से 12 फीट तक बर्फ जमी हुई है लेकिन बीआरओ यानी सीमा सड़क संगठन दोनों रास्तों पर तेजी से ट्रैक बहाल करने में जुटा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि 15 जून तक दोनों रास्ते पूरी तरह से तैयार कर दिए जाएंगे। आपको बता दें कि यात्रा 3 जुलाई से बालटाल-सोनमर्ग और पारंपरिक नुनवान-पहलगाम मार्ग में शुरू होगी। 57 दिन की यह यात्रा 28 अगस्त को रक्षा बंधन और सावन पूर्णिमा के दिन संपन्न होगी। अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल से शुरू हुए थे। आपको यह भी बता दें कि 5 से 30 लोगों के ग्रुप में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन बुधवार को बंद हो गए अकेले या छोटे ग्रुप आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्लॉट खाली रहने तक रजिस्ट्रेशन जारी रहेंगे।   

किन-किन बैंकों के जरिए हो रहा है रजिस्ट्रेशन

यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यस बैंक की तय शखाओं के जरिए हो रहा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस साल यह संख्या 5 लाख के पार जा सकती है। 2025 में चार लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे जबकि 2024 में यह आंकड़ा पांच लाख से ज्यादा था। 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो