‘राहुल बाबा के असर में आकर खड़गे जी ने PM को आतंकवादी बताया...’ अमित शाह का कांग्रेस को जवाब!
अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर तीखा हमला बोला। खड़गे ने PM नरेंद्र मोदी को "आतंकवादी" कहा था, जिस पर शाह ने तंज कसा कि राहुल गांधी के साथ रहने से खड़गे जी की भाषा बिगड़ गई है।

नई दिल्ली: 5 राज्यों में चल रहे चुनावी अभियान के दौरान तमाम शीर्ष पार्टी के नेताओं के बीच होने वाली जुबानी जंग हर तरह की भाषा का इस्तेमाल करने की सीमा तक आ पहुंची है। इसी कड़ी में मंगलवार (21 अप्रैल 2026) को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी तक बता दिया। हालांकि, बाद में उन्होंने सफाई भी दी। अब उनके उसी बयान पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पलटवार किया है।
अमित शाह ने खड़गे के बयान का दिया जवाब
आपको बताते चलें कि गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार (22 अप्रैल 2026) को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के दम दम में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इसी दौरान उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर तीखा हमला बोला। खड़गे ने PM नरेंद्र मोदी को "आतंकवादी" कहा था, जिस पर शाह ने तंज कसा कि राहुल गांधी के साथ रहने से खड़गे जी की भाषा बिगड़ गई है।
जितनी गाली दोगे, कमल उतनी शान से खिलेगा- अमित शाह
रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, “जिन नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद खत्म किया, उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष आतंकवादी कह रहे हैं। राहुल बाबा के आस-पास रहने से खड़गे जी की भाषा भी बिगड़ने लगी है।” उन्होंने आगे कहा कि PM मोदी को गाली देने से विपक्ष को फायदा नहीं होगा।
अमित शाह ने बड़ी गर्मजोशी से अपने बयान को जारी रखते हुए आगे कहा, “सुनो राहुल बाबा... तुम मोदी जी को जितनी ज्यादा गालियां दोगे, जितना कीचड़ उछालोगे, कमल उतनी ही शान से खिलेगा। हम राज्य में UCC लाएंगे, जिससे तीन तलाक और चार शादियों का प्रावधान खत्म हो जाएगा।”
खड़गे ने दिया था विवादित बयान!
गौरतलब है कि यह विवाद बीते मंगलवार (21 अप्रैल 2026) को तमिलनाडु में खड़गे के भाषण से शुरू हुआ था। दरअसल उन्होंने AIADMK के BJP से गठबंधन पर सवाल उठाते हुए PM मोदी को "एक ऐसा आतंकवादी बताया जो समानता में विश्वास नहीं रखता"।
बाद में खड़गे ने यह सफाई दी कि उन्होंने PM को आतंकवादी नहीं कहा। उनका मतलब ED, CBI और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों के जरिए विपक्ष को डराने-धमकाने से था। BJP ने इस बयान पर कड़ा एतराज जताया, और चुनाव आयोग में इसकी शिकायत भी की।


