नीतीश कुमार ने जारी की जेडीयू के 24 कार्यकारिणी नेताओं की लिस्ट, बेटे निशांत को सूची से रखा बाहर
24 सदस्यों वाली इस टीम में फिलहाल उनके बेटे निशांत कुमार का नाम नहीं है। तब बताया गया था कि निशांत कुमार खुद ही अभी सरकार में नहीं आना चाहते। उन्होंने कहा था कि वह फिलहाल संगठन मजबूत करेंगे और बिहार में यात्रा कर लोगों से मिलेंगे।

नई दिल्ली: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बुधवार (22 अप्रैल 2026) को बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। जिसके तहत उन्होंने पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया।
24 सदस्यों वाली इस टीम में फिलहाल उनके बेटे निशांत कुमार का नाम नहीं है। जबकि राज्यसभा सांसद संजय झा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने रहेंगे। साथ ही जहानाबाद के पूर्व सांसद चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं इस सूची के अनुसार आलोक कुमार सुमन को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
जेडीयू में बड़ा फेरबदल
प्राप्त जानकारियों के मुताबिक नई टीम में 12 नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। इनमें मनीष कुमार वर्मा, आफाक अहमद खान, श्याम रजक, अशोक चौधरी, रमेश सिंह कुशवाहा, राम सेवक सिंह, कहकशां परवीन, कपिल हरिशचंद्र पाटिल, राज सिंह मान, सुनील कुमार उर्फ इंजीनियर, हर्षवर्धन सिंह, मौलाना गुलाम रसूल और बलियावी शामिल हैं।
वहीं राजीव रंजन सिंह राष्ट्रीय प्रवक्ता बने रहेंगे। साथ ही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा रविंद्र प्रसाद सिंह, विद्या सागर निषाद, दयानंद राय, संजय कुमार, मोहम्मद निसार, रूही तागुंग और निवेदिता कुमारी को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है।
बेटे निशांत को छोड़ सबको मिला मौका
आपको बताते चलें कि राष्ट्रीय पदाधिकारियों की लिस्ट में पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का नाम नहीं होना सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों के बाद निशांत ने राजनीति में कदम रखा था। बिहार में नई NDA सरकार बनने पर उनके डिप्टी सीएम बनने की चर्चा चली थी।
लेकिन तब JDU से विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को यह जिम्मेदारी मिली। तब बताया गया था कि निशांत कुमार खुद ही अभी सरकार में नहीं आना चाहते। उन्होंने कहा था कि वह फिलहाल संगठन मजबूत करेंगे और बिहार में यात्रा कर लोगों से मिलेंगे। इसलिए कयास था कि उन्हें संगठन में कोई बड़ा पद मिल सकता है।
निशांत ने 8 मार्च को ली थी सदस्यता
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने 8 मार्च 2026 को ही औपचारिक रूप से JDU की सदस्यता ली थी। इससे पहले वह सक्रिय राजनीति से दूर थे, जबकि कार्यकर्ता लंबे समय से उन्हें पार्टी में लाने की मांग कर रहे थे। सदस्यता के बाद से निशांत काफी सक्रिय हैं। पिछले डेढ़ महीने में उन्होंने प्रवक्ताओं, वरिष्ठ नेताओं और युवा टीम के साथ कई बैठकें की हैं। वे आगामी 3 मई से बिहार यात्रा पर निकलेंगे।


