कल आएगा यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट, छात्र कौनसी वेबसाईट पर देख सकते हैं परिणाम?
सचिव भगवती सिंह की ओर से एक औपचारिक नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इसमें बताया गया कि वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम 23 अप्रैल को शाम 4 बजे घोषित होगा।

नई दिल्ली: यूपी बोर्ड 2026 का हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का रिजल्ट कल यानि 23 अप्रैल 2026, गुरुवार को जारी होने जा रहा है। माध्यमिक शिक्षा परिषद मुख्यालय, प्रयागराज से शाम 4 बजे नतीजे घोषित किए जाएंगे। इसके साथ ही 52 लाख से ज्यादा छात्रों का इंतजार खत्म हो जाएगा। छात्र ऑफिशियल वेबसाइट और डिजिलॉकर दोनों जगह से अपना स्कोरकार्ड देख सकेंगे।
यूपी बोर्ड ने जारी की नोटिफिकेशन
आपको बताते चलें कि हाल ही में सचिव भगवती सिंह की ओर से एक औपचारिक नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इसमें बताया गया कि वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम 23 अप्रैल को शाम 4 बजे घोषित होगा। बता दें कि इससे पहले रिजल्ट को लेकर 25 अप्रैल की चर्चा थी, लेकिन अब बोर्ड ने आधिकारिक तारीख साफ कर दी है।
कहाँ और कैसे देखें अपना परिणाम?
आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार रिजल्ट माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट www.upmsp.edu.in या डिजिलॉकर की वेबसाइट https://results.digilocker.gov.in/ पर देखा जा सकेगा। रिजल्ट देखने के लिए छात्र upmsp.edu.in पर जाएं। होमपेज पर 10वीं या 12वीं रिजल्ट के लिंक पर क्लिक करें।
इसके बाद रोल नंबर डालकर सबमिट करें। स्क्रीन पर मार्कशीट दिख जाएगी। छात्र चाहें तो डिजिलॉकर ऐप या वेबसाइट पर भी आधार और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन कर रिजल्ट देख सकते हैं। रिजल्ट के कुछ घंटों बाद डिजिटल मार्कशीट अपलोड कर दी जाएगी, जो एडमिशन और सरकारी कामों में मान्य होगी।
अलग से जारी हो सकती है टॉपर छात्रों की सूची
गौरतलब है कि रिजल्ट के साथ ही बोर्ड टॉपर्स की लिस्ट भी जारी कर सकता है। पिछले साल हाईस्कूल में 90.11% और इंटरमीडिएट में 81.15% छात्र पास हुए थे। इस बार भी पास प्रतिशत पर सबकी नजर रहेगी। बता दें कि बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि रिजल्ट से पहले अपना रोल नंबर तैयार रखें, ताकि नतीजे आते ही बिना देरी के स्कोरकार्ड चेक किया जा सके।
यदि फ़ैल हुए तो क्या होगा?
यदि कोई छात्र एक या दो विषय में 33% से कम नंबर लाता है, तो उसे परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। यूपी बोर्ड ऐसे छात्रों के लिए ‘कंपार्टमेंट परीक्षा’ कराएगा। रिजल्ट के तुरंत बाद इसकी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा छात्र स्क्रूटनी के लिए भी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।


