'आपकी पत्नी भी राजनीति में हैं, उनसे पूछें' पप्पू यादव के शर्मनाक बयान पर बोले अनंत सिंह
पप्पू यादव महिलाओं को लेकर दिए गए बयान पर अनंत सिंह ने करारा जवाब दिया है. उन्होंने उनकी पत्नी को बीच में लाते हुए कई सवाल किए और महिलाओं का अपमान बताया.

पटना: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा के दौरान महिलाओं को लेकर दिए गए बयान से विवादों में घिर गए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उन्होंने दावा किया कि राजनीति में 90 प्रतिशत महिलाएं बिना किसी नेता के कमरे में जाने के आगे नहीं बढ़ सकती.
उन्होंने इसे एक आम संस्कृति बताया और नेताओं, अधिकारियों व पूंजीपतियों पर महिलाओं का शोषण करने का आरोप लगाया. इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं आई है. कई नेताओं ने इसे महिलाओं का अपमान बताया है.
अनंत सिंह का तीखा हमला
जनता दल यूनाइटेड के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने पप्पू यादव पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “पप्पू यादव पागल हो गया है. उनकी अपनी पत्नी कहां हैं? उनकी पत्नी भी नेता हैं. किसी और के बारे में बोलने से पहले उन्हें अपनी पत्नी से पूछ लेना चाहिए.” अनंत सिंह ने बयान को शर्मनाक बताया और कहा कि इस तरह की बातें महिलाओं का सम्मान कम करती हैं.
पप्पू यादव पागल हो गया है - अनंत सिंह pic.twitter.com/Y5wKqicShQ
— Mukesh singh (@Mukesh_Journo) April 22, 2026
महिला आयोग का सख्त रुख
बिहार राज्य महिला आयोग ने इस मामले का स्वत: संज्ञान लिया है. आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने पप्पू यादव को नोटिस जारी कर तीन दिनों के अंदर जवाब मांगा है. नोटिस में पूछा गया है कि क्यों न उनकी लोकसभा सदस्यता खत्म करने की सिफारिश लोकसभा स्पीकर से की जाए. आयोग ने बयान को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताया.
राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रमुख विजया राहटकर ने भी बयान की कड़ी निंदा की. उन्होंने इसे असंवेदनशील और संविधान की भावना के विरुद्ध करार दिया. राहटकर ने पप्पू यादव से बिना शर्त माफी मांगने की अपील की.
बीजेपी ने किया हमला
भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने भी पप्पू यादव के बयान की आलोचना की. पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इसे चौंकाने वाला बताया. उन्होंने कहा कि जब देश महिलाओं को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, तब ऐसे बयान देना गलत है. बीजेपी नेता तुहिन सिन्हा ने बयान को घृणित और शर्मनाक करार दिया.
पप्पू यादव का बचाव
पप्पू यादव ने नोटिस मिलने पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि उन्होंने महिलाओं के शोषण की बात की थी, न कि कोई अशोभनीय टिप्पणी. यादव ने दावा किया कि कई महिलाएं गुरुओं और नेताओं द्वारा शोषण का शिकार होती हैं. उन्होंने महिला आयोग पर भी सवाल उठाए और कहा कि आयोग पहले अन्य मामलों पर कार्रवाई करे.


