आशा भोसले अस्पताल में भर्ती, PM मोदी ने आशा भोसले के लिए जताई चिंता- लिखा- 'जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं'
देश की दिग्गज गायिका आशा भोसले को कार्डियक अरेस्ट के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. खबर सामने आते ही फिल्मी हस्तियों से लेकर उनके लाखों फैंस ने चिंता जताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ की है.

मुंबई: देश की दिग्गज गायिका आशा भोसले को कार्डियक अरेस्ट के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. खबर सामने आते ही फिल्मी हस्तियों से लेकर उनके लाखों फैंस ने चिंता जताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आशा भोसले की तबीयत को लेकर चिंता व्यक्त की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'यह सुनकर चिंता में हूं कि आशा भोसले जी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनके अच्छे स्वास्थ्य और जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.
जनाई भोसले ने शेयर किया हेल्थ अपडेट
आशा भोसले को अचानक कार्डियक अरेस्ट आने के बाद तुरंत अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल उनका इलाज इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में चल रहा है और डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है. अस्पताल में भर्ती होने की यह जानकारी उनकी पोती जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम पर शेयर की. उन्होंने लिखा, मेरी दादी आशा भोसले बहुत ज्यादा थकान और छाती के इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती हैं. उनका इलाज चल रहा है और उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा. हम आपको जल्द ही अच्छी खबर देंगे.
Deeply concerned to hear that Asha Bhosle Ji has been admitted to hospital. Praying for her good health and a speedy recovery.
— Narendra Modi (@narendramodi) April 12, 2026
दशकों से संगीत जगत में दिया योगदान
आशा भोसले भारतीय संगीत उद्योग की एक ऐसी शख्सियत हैं जिन्होंने आठ दशकों से अधिक समय तक संगीत की दुनिया को अपनी अनमोल आवाज से रोशन किया है. उन्होंने करीब 12 हजार से ज्यादा गाने रिकॉर्ड किए हैं, जिनमें 'पिया तू अब तो आजा', 'दम मारो दम', 'ये मेरा दिल', 'चुरा लिया है तुमने', 'इन आंखों की मस्ती के' और 'दिल चीज क्या है' जैसे टाईमलेस हिट गाने शामिल हैं. उन्होंने गजल, भजन, पॉप और शास्त्रीय संगीत हर विधा में अपनी अमिट छाप छोड़ी है. ओ.पी. नैयर, आर.डी. बर्मन और ए.आर. रहमान जैसे दिग्गज संगीतकारों के साथ उन्होंने कई यादगार गीत दिए.
आशा भोसले को राष्ट्रीय पुरस्कार, फिल्मफेयर अवॉर्ड, दादासाहेब फाल्के सम्मान और पद्म विभूषण जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है. उन्हें दुनिया के सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने वाले कलाकारों में भी गिना जाता है.


