बिहार पुलिस सिपाही भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी, 19,838 अभ्यर्थियों का हुआ सिलेक्शन

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी हो गया है. जारी रिजल्ट में 19,838 अभ्यर्थियों का सिलेक्शन हुआ है. जानकारी के अनुसार, इस भर्ती के लिए कुल 17,06,628 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

पटना: केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है. लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर है. इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 19,838 उम्मीदवारों को अंतिम रूप से चयनित किया गया है. भर्ती अभियान में युवाओं की भारी भागीदारी देखने को मिली और आवेदन करने वालों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई.

कितने अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन? 

जानकारी के अनुसार, इस भर्ती के लिए कुल 17,06,628 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. इनमें से 13,30,121 उम्मीदवार लिखित परीक्षा में शामिल हुए. लिखित परीक्षा के बाद मेरिट के आधार पर 99,690 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए बुलाया गया. हालांकि, फिजिकल टेस्ट में 79,932 उम्मीदवार ही शामिल हुए. अंतिम चयन PET में प्राप्त अंकों और निर्धारित मेरिट सूची के आधार पर किया गया, जिसमें कुल 19,838 अभ्यर्थियों को सफलता मिली.

चयनित उम्मीदवारों में सबसे अधिक 16,852 अभ्यर्थियों को बिहार पुलिस में नियुक्ति मिली है, जबकि 2,986 उम्मीदवारों का चयन बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के लिए किया गया है. जेंडर के आधार पर देखें तो चयनित उम्मीदवारों में 12,509 पुरुष, 7,312 महिलाएं और 17 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल हैं. इसके अलावा विशेष आरक्षण श्रेणी के तहत 332 होमगार्ड और 190 स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को भी जगह मिली है.

सामान्य वर्ग के 7,935 उम्मीदवार सफल

वर्गवार चयन सूची में सामान्य वर्ग के 7,935 उम्मीदवार सफल हुए हैं. अत्यंत पिछड़ा वर्ग से 3,571, अनुसूचित जाति से 3,174 और पिछड़ा वर्ग से 2,381 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है. आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 1,983 उम्मीदवारों को सफलता मिली है. वहीं, पिछड़ा वर्ग महिला श्रेणी से 595 और अनुसूचित जनजाति वर्ग से 199 उम्मीदवार चयनित हुए हैं.

चयनित अभ्यर्थियों की जॉइनिंग प्रक्रिया 20 जून 2026 से शुरू होगी और 19 जुलाई 2026 तक चलेगी. नियुक्ति से पहले सभी उम्मीदवारों का चरित्र सत्यापन और मेडिकल जांच कराई जाएगी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इन प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद ही अंतिम नियुक्ति दी जाएगी. भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद हजारों युवाओं का बिहार पुलिस में सेवा देने का सपना साकार हो गया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो