सरेंडर करने के लिए पटना सिविल कोर्ट पहुंचे खान सर, फायरिंग केस में हुई थी एफआईआर
कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ और कथित फायरिंग के मामले में नाम आने के बाद चर्चित शिक्षक फैसल खान (खान सर) ने अदालत का रुख किया है. उन्होंने पटना सिविल कोर्ट पहुंचकर मामले में राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं.

बिहार: पटना में पिछले कुछ दिनों से चर्चा में बने खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) विवाद ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है. कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ और कथित फायरिंग के मामले में नाम आने के बाद चर्चित शिक्षक फैसल खान, जिन्हें छात्र और युवा "खान सर" के नाम से जानते हैं, ने अदालत का रुख किया है. जानकारी के अनुसार, उन्होंने पटना सिविल कोर्ट पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की है और मामले में राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं.
सूत्रों के मुताबिक, खान सर सिविल कोर्ट पहुंचे और वहां उन्होंने अपनी कानूनी टीम के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा की. बताया जा रहा है कि वह गिरफ्तारी से बचाव के लिए अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल कर सकते हैं. कोर्ट परिसर में मीडिया की एंट्री सीमित होने के कारण उनके पहुंचने की तस्वीरें या वीडियो सामने नहीं आ सके. हालांकि, कानूनी हलकों में इस मामले को लेकर काफी चर्चा रही और दिनभर लोगों की नजर अदालत की कार्यवाही पर टिकी रही.
क्या है पूरा विवाद?
पूरा मामला 2 जून की रात हुई एक घटना से जुड़ा हुआ है. उस रात पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान में अचानक हंगामे की स्थिति बन गई थी. आरोप है कि कुछ लोग संस्थान परिसर में पहुंचे और वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी. इस दौरान पथराव की भी सूचना सामने आई. घटना के बाद कोचिंग परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. छात्रों और कर्मचारियों में भी डर का माहौल देखा गया. मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई.
वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में कोचिंग संस्थान से जुड़े दो सुरक्षाकर्मी कथित तौर पर हवाई फायरिंग करते हुए दिखाई दिए. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. जांच के दौरान दोनों सुरक्षा कर्मियों को हिरासत में लिया गया और उनके हथियारों की जांच की प्रक्रिया शुरू की गई. इसी घटनाक्रम के बाद मामला और ज्यादा संवेदनशील हो गया.
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पटना पुलिस ने जांच के आधार पर मामले में एफआईआर दर्ज की. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की कि इस केस में खान सर का नाम भी शामिल किया गया है. पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और सभी पक्षों से पूछताछ की जाएगी. अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़े हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके.
इस घटना के बाद पटना के कोचिंग सेक्टर में भी माहौल गर्म हो गया. खान सर की ओर से आरोप लगाया गया कि उनके संस्थान को निशाना बनाने के पीछे एक प्रतिद्वंद्वी कोचिंग समूह का हाथ हो सकता है. दूसरी तरफ, विरोधी पक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अलग दावा किया. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सभी तथ्यों को सामने लाया जाना चाहिए.


